फाइन चैलेंजर के नाम रही मैकल कप की ट्रॉफी

क्रिकेट समर कैंप का हुआ समापन

फाइन चैलेंजर के नाम रही मैकल कप की ट्रॉफी

  • भावेस के आतिशी शतक से नर्मदा सनराइजर्स को दी मात
  • प्रतिभाओं को निखारने 15 दिनों तक चला प्रशिक्षण

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला क्रिकेट संघ एवं मैकल क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में स्थानीय खिलाडिय़ों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से आयोजित 15 दिवसीय क्रिकेट समर कैंप और मैकल कप 2026 का भव्य समापन हुआ। स्टेडियम ग्राउंड में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में फाइन चैलेंजर ने नर्मदा सनराइजर्स को दो विकेट से हराकर खिताबी जीत दर्ज की।

रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला 

बताया गया कि टूर्नामेंट में तीन टीमों ने हिस्सा लिया था। लीग मैचों के कड़े मुकाबले के बाद रन रेट के आधार पर नर्मदा सनराइजर्स और फाइन चैलेंजर ने फाइनल में जगह बनाई। 17 मई को खेले गए खिताबी मुकाबले में नर्मदा सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 239 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, जिसमें कप्तान युवराज यादव ने 102 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाइन चैलेंजर की टीम ने रोमांचक मोड़ पर 45वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत के सूत्रधार भावेश रहे, जिन्होंने 117 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर अपनी टीम को विजेता बनाया।

पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित 

शाम 5 बजे महात्मा गांधी मैदान में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव वर्मा और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया गया। अतिथियों ने उभरते खिलाडिय़ों को खेल भावना और अनुशासन के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी। टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बसंत ठाकुर, बेस्ट बल्लेबाज युवराज यादव, बेस्ट बॉलर तेजस पटेल, बेस्ट फील्डर नयन रहे।

विशेषज्ञों का रहा मार्गदर्शन 

मैकल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भीष्म द्विवेदी ने बताया कि 1 मई से जारी इस कैंप में खिलाडिय़ों को बारीकियां सिखाई गईं। कार्यक्रम का सफल संचालन निशांत झा द्वारा किया गया। इस दौरान चयन समिति के सदस्य इम्तियाज अली, पंकज दुबे, अर्जुन भांडे, अक्षय चंद्रोल, फैजान एवं प्रशिक्षक बसंत ठाकुर, सत्यम बर्मन, युवराज यादव, मोहित बर्मन, शैलेन्द्र सहित जावेद अली, सिकंदर जी, प्रशांत पटेल, सत्यप्रकाश दुबे सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम संचालन निशांत झा ने किया है।


Leave a Comment