घुघर नाले में मिला नवजात का शव
क्षेत्र में फैली सनसनी
- सलवाह चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
- अज्ञात के विरुद्ध मर्ग कायम
मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी थाना अंतर्गत सलवाह चौकी क्षेत्र के ग्राम बम्हनी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने मोहारी घुघर नाले के पानी में एक अज्ञात नवजात शिशु का शव तैरता हुआ देखा। इस हृदय विदारक घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
जानकारी अनुसार रविवार सुबह ग्रामीणों ने नाले में शिशु का शव देखकर तत्काल इसकी सूचना गांव के कोटवार को दी। कोटवार के माध्यम से जानकारी मिलते ही सलवाह चौकी प्रभारी निलेश पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में मौका मुआयना किया और प्रारंभिक पूछताछ के बाद शव को अपनी अभिरक्षा में लिया।
पोस्टमार्टम के बाद किया गया दफन, जांच जारी
पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद नियमानुसार शव को दफन कर दिया गया है। सलवाह पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध मर्ग कायम कर गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आसपास के गांवों के स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाडिय़ों से हाल ही में हुए प्रसव की जानकारी जुटा रही है, ताकि नवजात की पहचान और उसके माता-पिता का सुराग लग सके। इस अमानवीय घटना के बाद से ही क्षेत्र में दुख और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और सच्चाई सामने लाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।










