मंडला में 42.4 डिग्री पहुंचा पारा

मंडला में गर्मी का प्रचंड प्रहार

42.4 डिग्री पहुंचा पारा, उमस से बेहाल हुए लोग

  • सड़कों पर पसरा सन्नाटा
  • साप्ताहिक बाजार के दिन भी बाजारों से रौनक गायब
  • अभी और तपेंगे दिन

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सूरज की तपिश और उमस के दोहरे प्रहार से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 9 बजे से ही चुभने वाली धूप और दोपहर की प्रखर तीव्रता के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

गर्मी का असर व्यापारिक गतिविधियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। आमतौर पर साप्ताहिक बाजार के दिन शहर और ग्रामीण अंचलों के मार्ग लोगों से खचाखच भरे रहते हैं, लेकिन इस रविवार को स्थिति इसके ठीक उलट रही। झुलसाने वाली गर्मी के कारण सड़कें सूनी नजर आईं और मुख्य बाजारों से रौनक गायब रही। जरूरी काम होने पर ही लोग सिर और चेहरा ढंककर बाहर निकलते देखे गए।

उमस ने बढ़ाई बेचैनी 

तापमान में बढ़ोतरी के साथ उमस ने लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। घर के अंदर पंखे और कूलर भी अब राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। जेठ माह के प्रथम पखवाड़े में ही सूर्य देव के इस रौद्र रूप को देखकर नागरिक आने वाले दिनों की कल्पना से ही बेचैन हो रहे हैं। दोपहर के वक्त लू के थपेड़ों और प्रखर किरणों के कारण लोग घरों और दफ्तरों में एसी व कूलर का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।

आगामी दिनों के लिए चेतावनी 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में सूर्य की तपन और अधिक बढऩे की संभावना है। लगातार बढ़ रहे पारे के कारण आगामी सप्ताह में झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने भी नागरिकों को सलाह दी है कि दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलें और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें जिससे डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।


Leave a Comment