वैदिक मंत्रोच्चार और हवन से गूंजा परिसर

Advertisements

गाजीपुर के वैदिक गुरुकुल में चरित्र निर्माण शिविर का शुभारंभ

वैदिक मंत्रोच्चार और हवन से गूंजा परिसर

  • युवाओं को संस्कारों और राष्ट्रभक्ति से जोड़ेगा 15 दिवसीय शिविर
  • समाजसेवियों व ग्रामीणों की रही उपस्थिति

मंडला महावीर न्यूज 29. काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल के वार्षिक उत्सव के अवसर पर ग्राम गाजीपुर में सनातन वैदिक गुरुकुलम गोशाला समिति द्वारा आयोजित युवक-युवती चरित्र निर्माण शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। इस विशेष शिविर की शुरुआत विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक परंपरा के अनुसार किए गए मंत्रोच्चार और विधि-विधान से संपन्न हवन-पूजन के साथ हुई। इस मांगलिक अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अभिभावक, ग्रामीणजन और युवा उपस्थित रहे।आचार्य भीमदेव ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के इस आधुनिक युग में युवा पीढ़ी को भौतिकता के साथ अपने संस्कारों, नैतिक मूल्यों और गौरवशाली संस्कृति से जोडऩा अत्यंत आवश्यक है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं के भीतर राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक जीवन दृष्टि और अनुशासित जीवन के महत्व को जाग्रत करना है। यह आयोजन युवाओं के शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

व्यक्तित्व विकास के लिए होंगी विभिन्न गतिविधियां 

आयोजन समिति ने बताया कि इस शिविर के दौरान युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिदिन योग-ध्यान, वैदिक अध्ययन, महापुरुषों के प्रेरणादायक व्याख्यान, व्यक्तित्व विकास और नैतिक शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उपस्थित अभिभावकों और प्रबुद्ध जनों ने गुरुकुल की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक बेहद सार्थक प्रयास बताया।

वरिष्ठ जनों की रही उपस्थिति 

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रख्यात समाजसेवी तारेंद्र चौरसिया, भूतपूर्व सैनिक प्रेमलाल गुप्ता, राजू राजपूत, हेमंत सोनी, श्री राजपूत एवं पतंजलि योग समिति के सम्मानित सदस्यों सहित जिले के अनेक समाजसेवियों और ग्राम गाजीपुर के ग्रामीणों की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। समिति और उपस्थित अतिथियों ने समस्त जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और अपने बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर से जोड़ें।


Leave a Comment