आस्था के आगे बौनी साबित हुई भीषण गर्मी

आस्था के आगे बौनी साबित हुई भीषण गर्मी

दंडवत परिक्रमा करते हुए घुघरी पहुँचे नर्मदा साधक

  • तपती धूप और गर्म हवाओं के बीच कठिन साधना जारी
  • त्यागी चौक पर उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम
  • भीषण गर्मी में मां नर्मदा के प्रति अटूट आस्था

तपती धूप के बीच दंडवत नर्मदा परिक्रमा करते घुघरी पहुंचे साधक
आस्था की कठिन परीक्षा, गर्म हवाओं के बीच दंडवत परिक्रमा
साधक के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
तपती धूप और गर्म हवाओं के बीच साधना का अद्भुत उदाहरण
क्षेत्र में बना कौतूहल और श्रद्धा का केंद्र

मंडला महावीर न्यूज 29. माँ नर्मदा के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण का एक विरल उदाहरण इन दिनों घुघरी क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। पारा 40 डिग्री के पार होने और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के बावजूद, एक साधक दंडवत परिक्रमा के माध्यम से माँ नर्मदा की कठिन साधना में लीन हैं। उनकी यह अदम्य इच्छाशक्ति और भक्ति देख हर कोई नतमस्तक है।

कठिन परीक्षा की तरह है दंडवत साधना 

नर्मदा परिक्रमा को वैसे ही संयम का मार्ग माना जाता है, लेकिन दंडवत परिक्रमा शारीरिक और मानसिक दृढ़ता की सबसे कठिन परीक्षा होती है। इसमें साधक मार्ग के हर कदम पर लेटकर साष्टांग प्रणाम करते हैं और फिर जहाँ तक हाथ पहुँचता है, वहाँ निशान लगाकर आगे बढ़ते हैं। तपती सड़क पर इस तरह की साधना करना रूह कपा देने वाला अनुभव है, जिसे यह साधक पूरी तन्मयता से निभा रहे हैं।

त्यागी चौक पर हुआ भव्य स्वागत 

जानकारी अनुसार साधक 15 मई की सुबह लगभग 9 बजे घुघरी के प्रसिद्ध त्यागी चौक पहुँचे। जैसे ही उनके आगमन की सूचना मिली स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों ने जगह-जगह उनके लिए शीतल जल, फल और विश्राम की व्यवस्था की।

आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र बनी यात्रा 

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आज के भौतिकवादी युग में ऐसी निस्वार्थ और कठिन भक्ति विरले ही देखने को मिलती है। साधक की तपस्या को देखकर मार्ग में पडऩे वाले गांवों के लोग भाव-विभोर हो रहे हैं। श्रद्धालुओं ने न केवल उनके दर्शन किए, बल्कि उनकी इस यात्रा को आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करने वाला बताया। साधक बिना किसी थकान के निरंतर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं, जो क्षेत्र में चर्चा और श्रद्धा का प्रमुख विषय बना हुआ है।


Leave a Comment