मस्ती की पाठशाला में योग का जादू

मस्ती की पाठशाला में योग का जादू

राष्ट्रीय पदक विजेता रुबीना ने सिखाए स्वस्थ जीवन के गुर

  • आरोह-2026 शिविर में बच्चों का उत्साह चरम पर
  • कलेक्टर और एसपी के मार्गदर्शन में निखर रही खेल प्रतिभाएं

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित आरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत मस्ती की पाठशाला इन दिनों बच्चों और अभिभावकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। खेल, फिटनेस और सकारात्मक ऊर्जा के इस संगम में आज योग गतिविधियों ने विशेष समां बांधा। जिला मुख्यालय स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित योग सत्र में बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लेकर अपनी सेहत के प्रति सजगता दिखाई।बताया गया कि आज के विशेष योग सत्र का संचालन राष्ट्रीय पदक विजेता योग खिलाड़ी मीना मोय रुबीना द्वारा किया गया। उनके कुशल मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न योगासनों के साथ प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। सत्र के दौरान बच्चों में अद्भुत अनुशासन और ऊर्जा देखने को मिली। मीना मोय रुबीना ने बच्चों को खेल जीवन में योग की महत्ता समझाते हुए एकाग्रता बढ़ाने के नुस्खे भी साझा किए।

कलेक्टर और एसपी का मिल रहा निरंतर सहयोग 

खेल अधिकारी विकास खराडकर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कलेक्टर राहुल धोटे एवं पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के विशेष मार्गदर्शन में यह शिविर सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की खेल और स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि शिविर में प्रतिदिन सहभागिता बढ़ती जा रही है। अधिकारियों द्वारा बच्चों को लगातार अनुशासित जीवनशैली अपनाने और खेलों से जुडऩे के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उत्सव जैसा माहौल 

शिविर में केवल खेल ही नहीं, बल्कि एरोबिक्स, फन गेम्स और फिटनेस एक्टिविटीज़ भी आयोजित की जा रही हैं। स्टेडियम का माहौल बच्चों की मुस्कान और उत्साह से किसी उत्सव जैसा नजर आ रहा है। जिला प्रशासन का मानना है कि मस्ती की पाठशाला बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें मोबाइल व अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा प्रदान करने में मील का पत्थर साबित हो रही है।


Leave a Comment