नल-जल योजना कागजों तक सीमित
प्यास बुझाने कुएं से कीचड़ निकालने को मजबूर ग्रामीण
- पोषक ग्राम मुरला पानी में जल जीवन मिशन की खुली पोल
- पाइप बिछे पर टोटियां गायब
- गंदा पानी पीने से बढ़ रहा बीमारियों का खतरा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में भीषण गर्मी के बीच पेयजल का संकट गहराता जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित हर घर नल, हर घर जल के दावों के बीच मंडला जिले की ग्राम पंचायत मुकास खुर्द अंतर्गत आने वाले पोषक ग्राम मुरला पानी (पीपर टोला) में ग्रामीण कुएं के कीचड़ युक्त पानी पीने को मजबूर है। यहाँ ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं और अपनी प्यास बुझाने के लिए गांव के पुराने कुएँ की सफाई में जुटे हैं जिससे कीचड़ युक्त पानी को किसी तरह पीने योग्य बनाया जा सके।
ग्रामीणों ने प्रशासनिक उपेक्षा पर भारी आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना उनके गांव में केवल कागजों और अधूरे निर्माणों तक सीमित रह गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पाइप लाइन का विस्तार तो कर दिया गया है, लेकिन न तो घर-घर टोटियाँ लगाई गई हैं और न ही पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। नतीजा यह है कि पाइप लाइन बिछने के बावजूद घरों तक पानी की एक बूंद भी नहीं पहुँच रही है। गांव में बिछाई गई पाईप लाईन भी क्षतिग्रस्त हो रही है।
पंचायत और प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पेयजल की इस विकराल समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवेदन दिए हैं। बार-बार निवेदन करने के बाद भी जिला प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की इस संवेदनहीनता के कारण आज पूरा गांव प्यास से तड़प रहा है। थक-हारकर ग्रामीण अब स्वयं ही पुराने कुओं की सफाई कर रहे हैं जिससे कीचड़ के बीच से कुछ पानी निकाला जा सके।
गंदा पानी और बीमारी का सता रहा डर
वर्तमान में ग्रामीण जो पानी पीने को मजबूर हैं, वह पूरी तरह प्रदूषित और कीचड़ युक्त है। ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि शुद्ध पेयजल न मिलने के कारण बच्चे और बुजुर्ग लगातार बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। दूषित पानी पीने से गांव में जलजनित रोगों के फैलने का खतरा बढ़ गया है, लेकिन प्यास बुझाने का और कोई साधन न होने के कारण ग्रामीण यही गंदा पानी पीने को विवश हैं।
ग्रामीणों ने लगाई जिला प्रशासन से गुहार
ग्राम मुरला पानी के पीपर टोला के निवासियों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पुरजोर मांग की है कि उनकी समस्या को गंभीरता से लिया जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि अधूरे पड़े जल जीवन मिशन के कार्यों को तत्काल पूर्ण किया जाए। गांव में पानी की टंकी का निर्माण और घर-घर टोटी कनेक्शन सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं होती, तब तक वैकल्पिक साधनों से पेयजल की आपूर्ति की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी प्यास बुझाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।










