मैकल कप 2026 में फाइन चैलेंजर ने मैकल सुपरकिंग्स को 8 विकेट से रौंदा
- शुभ चक्रवर्ती की जादुई स्पिन का कहर
- 5 विकेट लेकर विपक्षी टीम को 72 रनों पर समेटा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला क्रिकेट संघ एवं मैकल क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए आयोजित 15 दिवसीय क्रिकेट समर कैंप और मैकल कप 2026 टूर्नामेंट रोमांचक दौर में पहुँच गया है। टूर्नामेंट के हालिया मुकाबले में फाइन चैलेंजर ने मैकल सुपरकिंग्स पर एकतरफा जीत दर्ज करते हुए लीग में अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं।
स्टेडियम ग्राउंड मंडला में सुबह 8 बजे मैच का शुभारंभ भारतीय खिलाड़ी शुचि उपाध्याय की उपस्थिति में टॉस के साथ हुआ। मैकल सुपरकिंग्स के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, जो गलत साबित हुआ। फाइन चैलेंजर के गेंदबाज शुभ चक्रवर्ती की घातक स्पिन गेंदबाजी के सामने सुपरकिंग्स का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका। शुभ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट चटकाए, जिसके चलते पूरी टीम महज 72 रनों पर ढेर हो गई।
आसानी से हासिल किया लक्ष्य
73 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाइन चैलेंजर की टीम ने सधे हुए अंदाज में बल्लेबाजी की। टीम ने केवल 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से भव्य जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही फाइन चैलेंजर, जो अब तक लीग में पिछड़ रही थी, अब फाइनल की दौड़ में मजबूती से वापस आ गई है।
आज होगा लीग का अंतिम मुकाबला
बताया गया कि यह टूर्नामेंट लीग आधार पर खेला जा रहा है, जिसमें मैकल मंडला, नर्मदा सनराइजर्स और फाइन चैलेंजर की टीमें हिस्सा ले रही हैं। आज लीग का अंतिम मैच खेला जाएगा, जिसके बाद अंक तालिका की टॉप दो टीमें फाइनल में प्रवेश करेंगी। टूर्नामेंट के दौरान चयन समिति के सदस्य इम्तियाज अली, पंकज दुबे, अर्जुन भांडे, अक्षय चंद्रोल और प्रशिक्षक बसंत ठाकुर सहित खेल जगत से जुड़ी कई हस्तियां मौजूद रहीं। लीग मैचों के समापन के बाद भव्य फाइनल मैच और कैंप फायर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विजेता टीम को पुरस्कृत कर समर कैंप का समापन होगा।










