नर्सें स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़

जिला चिकित्सालय में अंतरराष्ट्रीय नर्सेस दिवस में फ्लोरेंस नाइटिंगेल को किया याद

नर्सें स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़

  • सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं थीम पर संगोष्ठी आयोजित
  • सेवानिवृत्त वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारियों का हुआ सम्मान

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला चिकित्सालय मंडला में लेडी विद द लैम्प के नाम से विख्यात फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिवस और अंतरराष्ट्रीय नर्सेस दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्त नर्सिंग ऑफिसर्स ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर नर्सिंग सेवा की स्थापना में उनके अविस्मरणीय योगदान को याद किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त सीनियर नर्सिंग ऑफिसर सुषमा पिल्लई, संध्या चक्रवर्ती, निर्मला रिछारिया और आरबी आत्राम उपस्थित रहीं, जिनका अस्पताल स्टाफ द्वारा भावभीना सम्मान किया गया। इन वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि एक नर्स का उद्देश्य केवल बीमारी का उपचार करना नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और समर्पण के माध्यम से मरीज का संपूर्ण पुनर्वास करना होना चाहिए।

थीम-हमारी नर्सें, हमारा भविष्य 

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय नर्स परिषद द्वारा घोषित थीम हमारी नर्सें। हमारा भविष्य। सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए नर्सों को सुरक्षा, सम्मान और पर्याप्त संसाधन प्रदान करना अनिवार्य है। जब नर्सों को शिक्षा और नेतृत्व के अवसर मिलते हैं, तो वे अधिक प्रभावी ढंग से जीवन रक्षक देखभाल प्रदान करने में सक्षम होती हैं।

इनकी रही उपस्थिति 

आयोजन में जिला चिकित्सालय की प्रभारी मेट्रन मीरा वंशकार, नर्सिंग ऑफिसर कृष्णा वंशकार, अनीता सिंगौर, श्रीमती पद्माक्षी शुक्ला सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित स्टाफ ने भी अपने कार्यक्षेत्र की चुनौतियों और सफलताओं के अनुभव साझा किए।


Leave a Comment