गश्ती दल की सतर्कता से बची तेंदुए की जान

कान्हा टाइगर रिजर्व में मिशन रेस्क्यू सफल

भैसानघाट में घायल तेंदुआ पिंजरे में कैद

  • गश्ती दल की सतर्कता से बची तेंदुए की जान
  • कैमरा ट्रैप और पिंजरे से हुई घेराबंदी
  • प्राथमिक उपचार के बाद भेजा मुक्की क्वारेंटाइन सेंटर

मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भैसानघाट परिक्षेत्र में विचरण कर रहे एक घायल तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। पिछले कुछ दिनों से यह तेंदुआ क्षेत्र में घायल अवस्था में देखा जा रहा था, जिसकी सूचना गश्ती दल के कर्मचारियों ने प्रबंधन को दी थी। बताया गया कि तेंदुए के घायल होने की सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र संचालक द्वारा तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया था। तेंदुए की सटीक लोकेशन जानने के लिए वन क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर कैमरा ट्रैप लगाए गए थे। उसे सुरक्षित पकडऩे के लिए रणनीतिक रूप से पिंजरे भी लगाए गए और गश्ती दल द्वारा निरंतर क्षेत्र की निगरानी की जा रही थी।

12 मई की रात पिंजरे में हुआ कैप्चर 

प्रबंधन के प्रयासों को उस समय सफलता मिली जब 12 मई की रात्रि में तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। बुधवार 13 मई को क्षेत्र संचालक रवीन्द्रमणि त्रिपाठी और उप संचालक (कोर) प्रकाश कुमार वर्मा ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया।

इलाज के लिए भेजा गया क्वारेंटाइन सेंटर 

पिंजरे में कैद होने के बाद वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल ने मौके पर ही तेंदुए का प्रारंभिक चिकित्सीय परीक्षण और उपचार किया। बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और निरंतर चिकित्सकीय निगरानी के लिए घायल तेंदुए को मुक्की क्वारेंटाइन सेंटर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्यवाही के दौरान हालोन, फेन, मलांजखंड के सहायक संचालकों सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a Comment