कान्हा मुद्दे पर पत्रकारों की हुंकार
आंदोलन के 8वें दिन संगीतमय सुंदरकांड से गूंजा कलेक्ट्रेट मार्ग
- भक्ति के साथ वन्यजीव संरक्षण की प्रार्थना
- शिव मंडल ने भजनों के जरिए जताया समर्थन
- प्रबंधन की चुप्पी पर भड़के पत्रकार, पोल खोल अभियान की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की संदिग्ध मौतों और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के खिलाफ पत्रकारों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन आठवें दिन भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहा। कलेक्ट्रेट मार्ग स्थित धरना स्थल पर आठवें दिन का नजारा कुछ अलग था, यहाँ नारों की जगह भगवान श्रीराम के जयकारों और सुंदरकांड की चौपाइयों की गूंज सुनाई दी।
बताया गया कि आंदोलन के आठवें दिन धरना स्थल पर एक भव्य संगीतमय सुंदरकांड एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। यह धार्मिक आयोजन श्री नवयुवक शिव मंडल आजाद वार्ड द्वारा पत्रकारों के समर्थन में आयोजित किया गया था। मंडल के सदस्यों ने कहा कि वन्यजीव और जंगल का संरक्षण केवल विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। भजनों के बीच उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कान्हा के गौरव बाघों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रार्थना की।
सामाजिक संगठनों का मिल रहा भारी समर्थन
जैसे-जैसे आंदोलन के दिन बढ़ रहे हैं, इसे जन-आंदोलन का रूप मिलता जा रहा है। धरना स्थल पर पहुंचे विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने एक स्वर में कान्हा प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की। पत्रकारों ने कड़े शब्दों में कहा कि आंदोलन के आठ दिन बीत जाने और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के बावजूद कान्हा प्रबंधन की चुप्पी यह दर्शाती है कि कहीं न कहीं कुछ छिपाया जा रहा है।
पोल खोल अभियान शुरू करने की चेतावनी
धरना दे रहे पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बाघों की मौत की उच्चस्तरीय जांच शुरू नहीं हुई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो यह प्रदर्शन और भी उग्र रूप लेगा। पत्रकारों ने संकेत दिए हैं कि वे जल्द ही पोल खोल अभियान शुरू करेंगे, जिसके तहत कान्हा प्रबंधन की कथित अनियमितताओं को सार्वजनिक किया जाएगा। बताया गया कि धरना प्रदर्शन के सातवें दिन पत्रकारों द्वारा जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया था। अब जिले की जनता की नजरें शासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। आठवें दिन के इस भक्तिमय विरोध प्रदर्शन में जिले के वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में धर्मप्रेमी जनता उपस्थित रही।










