बोलेरो से 67 लीटर अवैध शराब जब्त, दो गिरफ्तार

मंडला पुलिस का ऑपरेशन क्लीन

बोलेरो से 67 लीटर अवैध शराब जब्त, दो गिरफ्तार

  • कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
  • नारायणगंज से आ रही थी शराब की खेप
  • शराब ठेकेदार फरार

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला  पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक सफेद रंग की बोलेरो से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है और दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।

जानकारी अनुसार सोमवार 11 मई को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फुल सागर क्षेत्र स्थित वेल वेदर स्कूल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध बोलेरो (क्रमांक MP20 CA 6089) को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। वाहन के भीतर 67 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब अवैध रूप से रखी हुई थी।

घेराबंदी में फंसे आरोपी, ठेकेदार की तलाश जारी

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों, सतीश रजक (25 वर्ष, निवासी ठरका) और अरविंद बरमैया (18 वर्ष, निवासी धारगांव) को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक विधि विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे यह शराब नारायणगंज स्थित दुकान से ठेकेदार अनुराग अवधिया के पास से लेकर आ रहे थे। पुलिस ने ठेकेदार अनुराग अवधिया को भी मामले में आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पौने पांच लाख का मशरूका जब्त

पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत ₹73,200/- आंकी गई है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन की कीमत लगभग 4 लाख रुपये है। पुलिस ने कुल ₹4,73,200/- का मशरूका जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इनकी रही मुख्य भूमिका

इस सफल कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान, सउनि भुमेश्वर वामनकर, आरक्षक प्रियांश, रमेश, मृदुल, जगदीश और धीरेंद्र का विशेष योगदान रहा। एसपी राजेश रघुवंशी ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


Leave a Comment