अंतर्राष्टीय योग दिवस की तैयारी
148वीं बटालियन सीआरपीएफ में 50 दिवसीय काउंटडाउन शुरू
- मंडला आयुष विभाग के सहयोग से जवानों ने सीखे योग के गुर
- कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि की मौजूदगी में हुआ अभ्यास
मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्टीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मंडला स्थित 148वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल मुख्यालय में उत्साह के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिला आयुष कार्यालय मंडला के विशेष सहयोग से आयोजित यह चार दिवसीय योग शिविर, योग दिवस के 50 दिवसीय काउंटडाउन अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम की शुरुआत योग के सामान्य प्रोटोकॉल के तहत सूक्ष्म व्यायामों से हुई, ताकि शरीर को लचीला बनाया जा सके। इसके बाद आयुष विभाग के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में जवानों ने खड़े होकर किए जाने वाले प्रमुख आसन जैसे ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, कटिचक्रासन, पाद हस्तासन और पाश्र्व उत्तानासन का अभ्यास किया। शारीरिक क्षमता और मानसिक एकाग्रता बढ़ाने के लिए लेटकर किए जाने वाले आसनों में धनुरासन, शलभासन, नौकासन और सर्वांगासन का प्रदर्शन किया गया।
प्राणायाम से मिली मानसिक शांति
शारीरिक व्यायाम के बाद सत्र का समापन प्राणायाम और ध्यान के साथ हुआ। जवानों ने अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और के उच्चारण के माध्यम से मानसिक शांति और तनाव मुक्ति की तकनीकें सीखीं।
अधिकारियों और जवानों की सक्रिय सहभागिता
इस योगाभ्यास कार्यक्रम में 148वीं बटालियन के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि, उप कमांडेंट मनोरंजन कुमार सहित बटालियन के अधीनस्थ अधिकारियों और बड़ी संख्या में जवानों ने भाग लिया। आयुष विभाग की ओर से आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका धुर्वे, डॉ. एकता वाल्को और औषधि संयोजक विश्व दीपक चंद्रौल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि ने इस अवसर पर कहा कि सुरक्षा बलों के कठिन जीवन में योग न केवल शारीरिक फिटनेस बनाए रखने में सहायक है, बल्कि यह मानसिक रूप से भी जवानों को सशक्त और संतुलित रखता है। बटालियन मुख्यालय के प्रांगण में संपन्न हुआ यह कार्यक्रम अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का प्रतीक रहा।










