अनियंत्रित होकर पलटा तेज रफ्तार ट्रैक्टर

बीजाडांडी में खौफनाक हादसा

अनियंत्रित होकर पलटा तेज रफ्तार ट्रैक्टर

  • चालक की दर्दनाक मौत
  • मरम्मत कराकर गांव लौट रहे थे युवक
  • भैंसवाही के पास हुआ हादसा
  • एक अन्य साथी घायल

मंडला महावीर न्यूज 29 | मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर के नीचे दबने से 23 वर्षीय चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक अन्य साथी घायल हुआ है।

अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटा वाहन

जानकारी अनुसार देवी सिंह मरकाम (23 वर्ष), निवासी चौरई जमठार, अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर सुधरवाने के लिए बीजाडांडी आया था। ट्रैक्टर की मरम्मत कराने के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे भैंसवाही गांव के पास पहुँचे, तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक देवी सिंह ट्रैक्टर के भारी हिस्से के नीचे पूरी तरह दब गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

एक घायल, एक सुरक्षित

हादसे के समय ट्रैक्टर पर सवार गणेश प्रसाद आर्मो के आंख के पास गंभीर चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल पोंडी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। वहीं, ट्रैक्टर पर सवार तीसरा युवक रविन्द्र इस हादसे में पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है।

पुलिस कर रही जांच

बीजाडांडी थाना प्रभारी अनिता कुडापे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीजाडांडी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। युवक की अकाल मृत्यु से चौरई जमठार गांव में मातम पसरा हुआ है।


Leave a Comment