50 पेटी बीयर जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
बिछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 पेटी बीयर सहित तवेरा वाहन जब्त
- शराब दुकान के गद्दीदार सहित बिहार-झारखंड के आरोपी दबोचे
- करीब 10 लाख का मशरूका बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन के एक मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा एवं एसडीओपी सौरव तिवारी के निर्देशन में की गई। जानकारी के अनुसार थाना बिछिया पुलिस को 9 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की तवेरा वाहन क्रमांक एमपी 20 टी 6561 में अवैध अंग्रेजी शराब बिछिया से मंडला की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना बिछिया के सामने एनएच-30 पर योजनाबद्ध तरीके से नाकाबंदी की गई। संदिग्ध वाहन को रोककर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर वाहन से 50 पेटी बीयर बरामद की गई। प्रत्येक पेटी में 24 केन, 500 एमएल की थी। कुल 1200 केन अर्थात लगभग 600 लीटर बीयर जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 64 हजार 400 रुपए बताई गई है।
दो आरोपी मौके से गिरफ्तार
वाहन में सवार भवानी बरमैया निवासी रंगरेज घाट मंडला एवं सुनील कुमार सिंह निवासी जिला पलामू झारखंड को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जब आरोपियों से शराब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
9.64 लाख की जब्ती
पुलिस ने अवैध शराब एवं तवेरा वाहन सहित कुल 9 लाख 64 हजार 400 रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामले में थाना बिछिया में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
शराब दुकान के गद्दीदार को भी बनाया आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने शराब बिछिया स्थित अंग्रेजी शराब दुकान से लाना स्वीकार किया। इसके आधार पर संबंधित दुकान के गद्दीदार रामाश्रय पांडे निवासी जिला औरंगाबाद बिहार को भी आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह सैयाम के नेतृत्व में उप निरीक्षक प्रवीण मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश विजयवार, शिव शंकर राजपूत, प्रधान आरक्षक योगेश सरोते, आरक्षक अमृत मेरावी, अजय झरिया, गजरूप उद्दे एवं सुनीराम मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










