अब जबलपुर और छिंदवाड़ा के लिए मिलेगी सीधी ट्रेन सेवा

Advertisements

मंडला को रेल सौगात

अब जबलपुर और छिंदवाड़ा के लिए मिलेगी सीधी ट्रेन सेवा

  • सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने दिखाई हरी झंडी
  • ट्रेन बदलने के झंझट से यात्रियों को मिली मुक्ति

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के रेल यातायात के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। लंबे समय से सीधी रेल सेवा की प्रतीक्षा कर रहे जिलेवासियों का इंतजार अब खत्म हो गया है। केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन ने मंडला फोर्ट स्टेशन से जबलपुर और छिंदवाड़ा के लिए सीधी रेल सेवा प्रारंभ कर दी है। शनिवार को मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने दोनों नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर उनके शुभारंभ यात्रा के लिए रवाना किया।

नैनपुर में ट्रेन बदलने की परेशानी हुई समाप्त 

अब तक मंडला से जबलपुर या छिंदवाड़ा जाने वाले यात्रियों को नैनपुर जंक्शन पर उतरकर दूसरी ट्रेन पकडऩी पड़ती थी। अलग-अलग ट्रेन नंबर और ट्रेन बदलने की इस प्रक्रिया में यात्रियों का न केवल समय बर्बाद होता था, बल्कि बुजुर्गों, महिलाओं और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था के लागू होने से अब मंडला फोर्ट से ही सीधी ट्रेन मिलेगी, जिससे यात्रा सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी।

नई व्यवस्था और ट्रेन नंबरों में हुआ बदलाव 

रेलवे द्वारा जारी नई समय सारणी और व्यवस्था के अनुसार अब ट्रेनों के संचालन के लिए ट्रेन नंबरों में बदलाव किया गया है। जिसमें मंडलाफोर्ट से छिंदवाड़ा रेल सेवा के लिए पूर्व में संचालित गाड़ी क्रमांक 58828 (मंडला-नैनपुर) एवं 58824 (नैनपुर-छिंदवाड़ा) के स्थान पर अब गाड़ी क्रमांक 58824 सीधे मंडला से छिंदवाड़ा तक चलेगी। इसी तरह मंडलाफोर्ट-जबलपुर रेल सेवा के लिए पूर्व में संचालित गाड़ी क्रमांक 51712 (मंडला-नैनपुर) एवं 51706 (नैनपुर-जबलपुर) के स्थान पर अब गाड़ी क्रमांक 51706 मंडला से सीधे जबलपुर के लिए संचालित होगी।

अब विकास को मिलेगी नई गति 

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि रेलवे कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास की जीवन रेखा होती है। उन्होंने कहा मंडला के नागरिकों, विद्यार्थियों और व्यापारियों की यह पुरानी मांग थी। इस सीधी सेवा से न केवल समय की बचत होगी बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में मंडला क्षेत्र में अन्य रेल सुविधाओं के विस्तार और कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

स्टेशन पर दिखा उत्साह का माहौल 

शुभारंभ अवसर पर मंडला फोर्ट स्टेशन को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था। जैसे ही सांसद ने हरी झंडी दिखाई, इंजन की सीटी और लोगों के उत्साहपूर्ण नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, डीआरएम नागपुर डिवीजन (बिलासपुर जोन) दीपक कुमार गुप्ता, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रफुल्ल मिश्रा, जयदत्त झा, रानू राजपूत सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

जनता ने जताया आभार 

स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे मंडला के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। व्यापारियों का मानना है कि जबलपुर और छिंदवाड़ा से सीधा संपर्क होने से माल परिवहन और आवागमन सस्ता व सुलभ होगा। यात्रियों ने इस निर्णय के लिए केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया है। अब यात्री बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के एक ही टिकट और एक ही ट्रेन में बैठकर अपने गंतव्य तक पहुँच सकेंगे।


Leave a Comment