कुटरवानी के पड़ोसियों का 4 साल पुराना विवाद खत्म

Advertisements

भुआबिछिया सिविल कोर्ट में नेशनल लोक अदालत संपन्न

सुलझाए गए कई मामले

  • कुटरवानी के पड़ोसियों का 4 साल पुराना विवाद खत्म
  • समझौते के साथ गले मिले दोनों पक्ष

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार, तहसील विधिक सेवा समिति बिछिया में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश कमल जोशी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अदालत का शुभारंभ न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनल गजबीर द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया।

राजीनामे से हुआ प्रकरणों का निपटारा 

लोक अदालत में न्यायालयीन लंबित और प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों को आपसी सहमति से सुलझाने पर जोर दिया गया। आयोजन के दौरान 5 सिविल और 10 आपराधिक प्रकरणों का निराकरण हुआ, जिससे दोनों पक्ष लाभान्वित हुए। इसके अतिरिक्त, बैंकों और नगर परिषद भुआबिछिया के 51 प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निपटारा कर कुल 5,91,417 रुपये की राशि वसूल की गई।

मानवीय पहल-पड़ोसियों की खत्म हुई कड़वाहट

लोक अदालत में सुलझाए गए मामलों में सबसे प्रमुख ग्राम कुटरवानी का प्रकरण रहा। यहाँ की निवासी गौरा बाई साहू का अपने पड़ोसियों—दिनेश साहू, आशालाल, पप्पू और इंद्रा साहू के साथ कृषि कार्य को लेकर विवाद चल रहा था। वर्ष 2022 से चल रहे इस आपराधिक मामले प्रकरण क्रमांक 249/22 में दोनों पक्षों के बीच काफी समय से कड़वाहट थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनल गजबीर, एडीपीओ कामेंद्र परस्ते और अधिवक्ताओं की प्रभावी समझाइश के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से राजीनामे के लिए तैयार हो गए। वर्षों पुराना विवाद समाप्त कर दोनों पक्षों ने भविष्य में सद्भावना पूर्वक रहने का संकल्प लिया।

इनकी रही उपस्थिति 

इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय चौरसिया, सचिव पीयूष पांडेय, रक्षा कोष्ठा, जेपीएन मिश्रा, संदीप पटेल, मिलाप धुर्वे, विनय यादव, नंदलाल झारिया, हर्षित राय, योगेश तेकाम, राजेंद्र बंजारा सहित एडीपीओ कामेंद्र सिंह परस्ते, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। लोक अदालत के माध्यम से त्वरित न्याय पाकर पक्षकारों ने संतोष व्यक्त किया।


Leave a Comment