मंडला पुलिस मुस्तैद
नवागत एसपी के निर्देशन में सघन चेकिंग और पैदल गश्त जारी
- शहर के प्रमुख घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की पैनी नजर
- संदिग्धों की हो रही धरपकड़
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नवागत पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन में मंडला पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले की कमान संभालते ही अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए शाम के समय सघन गश्त एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
पड़ाव रोड पर चला विशेष चेकिंग अभियान
एसपी के निर्देशों के पालन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा पड़ाव रोड क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग पॉइंट लगाया गया। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। चेकिंग के दौरान वाहनों में किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री या संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच की गई।
घाटों पर बढ़ाई गई सुरक्षा और पेट्रोलिंग
शहर की भौगोलिक स्थिति और जनसुरक्षा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने नर्मदा नदी के प्रमुख घाटों पर सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसके तहत थाना कोतवाली और थाना महाराजपुर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से माहिष्मती घाट, रपटा घाट, नाव घाट, संगम घाट और सहस्त्रधारा सहित शहर के सभी प्रमुख घाटों पर शाम के समय नियमित पेट्रोलिंग की जा रही है।
आमजन से संवाद और सुरक्षा की समझाइश
गश्त के दौरान पुलिस बल सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रहा है। साथ ही, पुलिस अधिकारी आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक समझाइश दे रहे हैं, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना रहे। पुलिस की इस सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का भाव जागृत हुआ है।











