कलेक्टर ने निभाया वादा, इंदल टोला पहुंचकर चौपाल में सुनीं समस्याएं
राशन गांव में ही मिलेगा, सड़क की भी मिली स्वीकृति
मंडला महावीर न्यूज 29. जनसुनवाई में दिया वादा निभाते हुए कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे बुधवार को नारायणगंज जनपद के दूरस्थ ग्राम किकरिया के इंदल टोला पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय मंदिर परिसर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से आत्मीय चर्चा की और गांव की मूलभूत समस्याएं जानीं। बताया गया कि पिछली जनसुनवाई में किकरिया के ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे थे। तब कलेक्टर ने उन्हें स्वयं गांव आकर समस्याएं सुनने का भरोसा दिलाया था। उसी वादे को पूरा करते हुए श्री धोटे पूरे अमले के साथ इंदल टोला पहुंचे।

ग्रामीणों ने गिनाईं 3 बड़ी समस्याए तत्काल निराकरण के दिए निर्देश
चौपाल में कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने ग्रामीणों की सहभागिता से गांव की तीन प्रमुख समस्याएं चिन्हित कीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता पर्ची, मछुआ कार्ड, फौती नामांतरण जैसी हितग्राहीमूलक समस्याओं का पात्रता अनुसार शीघ्र निराकरण किया जाए। ग्रामीणों ने सबसे बड़ी समस्या कूम्हा की राशन दुकान से राशन लाने में होने वाली दिक्कत बताई। इस पर कलेक्टर श्री धोटे ने भरोसा दिलाया कि अगले माह से गांव में ही वाहन के माध्यम से राशन पहुँचाया जाएगा। विद्युत समस्या पर उन्होंने विद्युत वितरण कंपनी से चर्चा कर समाधान कराने की बात कही।
विधायक ने दी सड़क की सौगात
चौपाल में मौजूद निवास विधायक चैनसिंह वरकड़े ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर कूम्हा तिराहे से इंदल टोला तक प्रधानमंत्री सड़क के लिए प्रस्ताव संबंधित योजना अंतर्गत बनाकर प्रेषित किया गया था। जिसकी स्वीकृति हो चुकी है। जल्द ही सड़क निर्माण शुरू होगा, जिससे गांव का संपर्क बेहतर होगा।

मत्स्य पालन और आजीविका पर दिया जोर
चर्चा के दौरान समूह जल प्रदाय योजना की टंकी निर्माण, मत्स्य व्यवसाय करने वाले परिवारों की स्थिति, आबादी पट्टे और जर्जर स्कूल भवन का मुद्दा भी सामने आया। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने ग्रामीण महिलाओं से चर्चा करते हुए कहा कि क्षेत्र में मत्स्य पालन जैसे आजीविका के साधनों की काफी संभावना है। विभागीय योजनाओं से जोड़कर इसे बढ़ावा दिया जाएगा। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर शैलेन्द्र चौधरी, तहसीलदार नारायणगंज, सीईओ जनपद पंचायत नारायणगंज, सरपंच, पटवारी, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित मैदानी अमला मौजूद रहा। कलेक्टर के गाँव पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और उन्होंने प्रशासन का आभार जताया।












