विस्थापित परिवारों का गृह प्रवेश

Advertisements

चुटका परमाणु परियोजना

विस्थापित परिवारों का पुनर्वास शुरू, मंत्री संपतिया उईके ने कराया गृह प्रवेश

  • गौंझीमाल आर एंड आर कॉलोनी में शिफ्ट हुए 27 परिवार
  • कलेक्टर ने दिए गैस कनेक्शन और भोजन व्यवस्था के निर्देश

मंडला महावीर न्यूज 29. चुटका परमाणु परियोजना के अंतर्गत ग्राम चुटका से विस्थापित होने वाले परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया सोमवार से विधिवत प्रारंभ हो गई है। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने आर एंड आर कॉलोनी गौंझी में नए घरों में शिफ्ट होने वाले परिवारों का शुभ गृह प्रवेश कराया।
मंत्री श्रीमती उईके ने गृह प्रवेश के दौरान परिवार के मुखिया को अवार्ड राशि का प्रतीक चेक सौंपा और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी नव प्रवेशी परिवारों से फोन पर आत्मीय बातचीत कर उन्हें शासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

330 परिवारों का होगा पुनर्वास 

एनपीसीआईएल की इस परियोजना के तहत ग्राम चुटका के 330 परिवार विस्थापित हो रहे हैं, जिन्हें गौंझीमाल स्थित नवनिर्मित कॉलोनी में बसाया जा रहा है। इस कॉलोनी में बिजली, पानी और सड़क जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। सोमवार को प्रथम चरण में 27 परिवारों ने अपने नए आवासों में प्रवेश किया।

प्रशासनिक व्यवस्थाओं के दिए निर्देश 

कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने विस्थापित परिवारों से चर्चा कर बताया कि अगले एक माह तक उनके भोजन की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने एसडीएम मंडला को निर्देश दिए कि सभी परिवारों को आवश्यकतानुसार तत्काल गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं।

वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जनपद अध्यक्ष संतोष सोनू भलावी सहित अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह और एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम व एनपीसीआईएल के अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही ईई पीएचई मनोज भास्कर, एसी ट्राइबल वंदना गुप्ता, तहसीलदार हिमांशु भलावी, सहायक संचालक जनजातीय कार्य रंजीत गुप्ता, डीपीएम आजीविका मिशन भगवानदास भैंसारे, जिला प्रबंधक नीलेश दुबे व ममता अर्सिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।


Leave a Comment