कराते के मैदान में मंडला का जलवा
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेटियों ने जीते 5 पदक
- इंदौर में चमकी मंडला की प्रतिभा
- कराते स्पर्धा में 2 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान
मंडला महावीर न्यूज 29. इंदौर में मध्यप्रदेश स्पोर्ट्स कराते एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता में मंडला जिले के खिलाडिय़ों ने अपने शानदार खेल से जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता की काता एवं कुमिते स्पर्धाओं में कड़ा मुकाबला करते हुए मंडला की टीम ने कुल 5 पदक अपने नाम किए, जिनमें 2 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं।
बताया गया कि प्रदेश स्तर पर अपनी तकनीक और आत्मविश्वास का लोहा मनवाने वाले जिले की पदक विजेता खिलाडिय़ों में आरोही उइके काता स्पर्धा में रजत पदक, महिमा विश्वकर्मा, काता स्पर्धा में रजत पदक, लिसा राय कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक, साक्षी कुमरे कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक और तेजस्वी कुमरे कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया है।
सफलता के पीछे कुशल मार्गदर्शन
खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि में जिला कराते संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह, उपाध्यक्ष प्रतिमा उपाध्याय और सचिव त्रिलोक डोंगरे के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम कोच सूर्य प्रकाश नंदा एवं सोनिया विश्वकर्मा ने खिलाडिय़ों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया, वहीं टीम मैनेजर दिशा यादव ने प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई। संघ के कोषाध्यक्ष विद्या, सहसचिव अमन रजक और अन्य सदस्यों ने भी खिलाडिय़ों का निरंतर उत्साहवर्धन किया।
खेल जगत में खुशी की लहर
मंडला के खिलाडिय़ों की इस सफलता पर जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर, विकासखंड खेल समन्वयक पंकज ऊसराठे, और बैडमिंटन प्रशिक्षक अफसार खान सहित जिले के समस्त खेल प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। जानकारों का मानना है कि यह प्रदर्शन जिले के अन्य युवा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणा बनेगा।










