विकासखंड में आरोह समर कैंप का आगाज
खेलों के जरिए निखरेगी प्रतिभा, मोबाइल से दूर रहेंगे बच्चे
- टिकरिया और बबलिया में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर शुरू
- विशेषज्ञ प्रशिक्षक सिखाएंगे खेल की बारीकियां
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आरोह का शुभारंभ किया गया है। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी विकास खराड़कर के मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर सीएम राइज स्कूल टिकरिया और शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बबलिया के प्रांगण में संचालित किया जा रहा है।
विकासखंड समन्वयक करुणा मर्सकोले ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा बालक, बालिकाओं को सुबह 6 से 7.30 बजे तक और शाम 5.30 से 7 बजे तक विभिन्न खेलों का अभ्यास कराया जा रहा है। इसी तरह बबलिया में कबड्डी प्रशिक्षक नंदिनी उइके, टिकरिया में हॉकी प्रशिक्षक सुजीता यादव और पड़रिया में क्रिकेट का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सिर्फ खेल ही नहीं, व्यक्तित्व विकास पर भी जोर
समर कैंप आरोह का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के साथ फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोडऩा है। इसके साथ ही उन्हें साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करने और क्षेत्र की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
मोबाइल छोड़ मैदान की ओर बढ़ें बच्चे
विकासखंड समन्वयक करुणा मर्सकोले ने बच्चों को मोबाइल गेम से दूर रहने की सलाह देते हुए नियमित खेल प्रशिक्षण प्राप्त करने पर जोर दिया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को इस शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित करें और स्वयं भी इसमें सहभागिता निभाएं ताकि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य सुदृढ़ हो सके।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा
बताया गया कि इच्छुक प्रतिभागी उपलब्ध कराई गई लिंक के माध्यम से अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। यह शिविर स्थानीय युवाओं के लिए अपनी खेल प्रतिभा को पहचानने और फिटनेस सुधारने का एक बेहतरीन अवसर है।











