बेटियों को बचाने के लिए पिता ने न्योछावर कर दी जान
- देवगांव संगम में डूबने से आरक्षक की मौत
- अपनी बेटियों को सुरक्षित निकाल खुद गहरे पानी में समा गया खाकी का जवान
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के देवगांव स्थित नर्मदा और बुडनेर नदी के संगम पर सोमवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। जहां एक पिता अपनी बेटियों को डूबने से बचाने के प्रयास में मोहगांव थाने में पदस्थ एक जांबाज आरक्षक ने अपने प्राणों की आहुति दे दी।
जानकारी अनुसार मोहगांव थाना में पदस्थ आरक्षक शिव परस्ते सोमवार को सपरिवार देवगांव संगम पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी बेटियां नहाते समय अचानक गहरे पानी की ओर चली गईं और डूबने लगीं। अपनी मासूम बेटियों को संकट में देख आरक्षक शिव परस्ते ने पलक झपकते ही उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी।
बेटियां तो सुरक्षित बाहर आईं, पर पिता हार गए जिंदगी की जंग
आरक्षक शिव परस्ते ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपनी दोनों बेटियों को सुरक्षित किनारे की ओर धकेल दिया, जिन्हें वहां मौजूद लोगों ने तुरंत बाहर निकाल लिया। लेकिन बेटियों को सुरक्षित करने के बाद आरक्षक स्वयं अपना संतुलन खो बैठे और गहरे पानी के भंवर में समा गए। किनारे पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
क्षेत्र में शोक का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आरक्षक का शव बाहर निकाला गया। अपनी जान पर खेलकर बेटियों को जीवनदान देने वाले इस पिता के बलिदान ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। वर्तमान में पूरे क्षेत्र और पुलिस विभाग में शोक की लहर व्याप्त है।











