बाघों की सुरक्षा के लिए कान्हा प्रबंधन और ग्रामीणों की अनूठी पहल
कुत्तों से फैलने वाली बीमारियों पर लगेगा अंकुश
- कान्हा टाइगर रिजर्व: वन्यजीवों को संक्रमण से बचाने के लिए पालतू और आवारा कुत्तों का होगा वैक्सीनेशन
- ग्रामीणों और कान्हा प्रबंधन का साझा संकल्प
- बाघों की सुरक्षा के लिए एकजुट हुए होटल मालिक, गाइड और स्थानीय पंचायत
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के सरही गेट प्रांगण में 3 मई को वन्यजीवों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में सहायक संचालक सिझौरा, परिक्षेत्र अधिकारी सरही एवं सिझौरा बफर सहित ग्राम पंचायत कटंगा के प्रतिनिधि, ईको विकास समिति के सदस्य, गाइड, होटल प्रबंधक और वाहन मालिक उपस्थित रहे।
वन्यजीवों को बीमारियों से बचाने का संकल्प
बैठक में सर्वसहमति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि पालतू और आवारा कुत्तों से वन्यजीवों में फैलने वाली घातक बीमारियों की रोकथाम की जाएगी। इसके लिए वन क्षेत्र में कुत्तों का प्रवेश रोकने के साथ-साथ वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘कुत्ता वैक्सीनेशन अभियान’ में पूर्ण जन सहयोग दिया जाएगा। होटल मालिकों को हिदायत दी गई है कि वे बचे हुए भोजन और अपशिष्ट पदार्थों का निपटान उचित तरीके से करें ताकि आवारा कुत्ते आकर्षित न हों।
सतर्कता के लिए अमाही मार्ग बंद
कान्हा प्रबंधन ने सुरक्षा और सतर्कता के मद्देनजर अमाही वनमार्ग को कुछ दिनों के लिए पर्यटन हेतु बंद करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि यदि वे जंगल के आसपास किसी वन्यजीव को असामान्य व्यवहार करते या बीमार देखें, तो इसकी सूचना तत्काल कान्हा प्रबंधन को दें। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर बाघों की सुरक्षा के लिए वन विभाग को पूर्ण सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई।











