52 गुमशुदा बच्चे सकुशल दस्तयाब

Advertisements

ऑपरेशन मुस्कान-मंडला पुलिस ने बिखेरी 52 परिवारों के चेहरों पर मुस्कान

अन्य राज्यों से भी खोजे गए बच्चे, 50 बालिकाओं की हुई घर वापसी

  • ऑपरेशन मुस्कान में 52 गुमशुदा बच्चे सकुशल दस्तयाब, 120 प्रतिशत रहा रिकवरी रेट
  • एमपी से लेकर केरल और गुजरात तक चला मंडला पुलिस का सर्च ऑपरेशन

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए गए प्रदेशव्यापी ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत मंडला पुलिस ने गुमशुदा बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने में बड़ी सफलता हासिल की है। 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य बाल तस्करी की रोकथाम और अपहृत बालक-बालिकाओं की सुरक्षित दस्तयाबी रहा।

पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के कुशल नेतृत्व में जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 120.93 प्रतिशत का रिकवरी रेट प्राप्त किया है। अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा एवं उप पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार चतुर्वेदी द्वारा की गई।

सात राज्यों में चला सर्च ऑपरेशन 

अभियान के दौरान कुल 52 बच्चों (02 बालक एवं 50 बालिकाएं) को सकुशल दस्तयाब किया गया। मंडला पुलिस की टीमों ने न केवल मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों, बल्कि महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, हरियाणा, बिहार और कर्नाटक जैसे राज्यों से भी बच्चों को खोज निकाला।

इन थानों की रही महत्वपूर्ण भूमिका 

इस चुनौतीपूर्ण कार्य में कोतवाली, बम्हनी, बिछिया, घुघरी, बीजाडांडी, नैनपुर, मोहगांव, निवास, मोतीनाला, टिकरिया और खटिया थाना पुलिस की विशेष टीमों ने दिन-रात एक कर दिया। पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और निर्माण स्थलों जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सघन सर्चिंग की गई। मंडला पुलिस की इस संवदेनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।


 

Leave a Comment