घुघरी में विकास की धज्जियां
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा यात्री प्रतीक्षालय,
- पंचायत की शह पर सार्वजनिक संपत्ति को बनाया निजी घर
- सुलभ शौचालय के पास अतिक्रमण की बाढ़
- यात्री प्रतीक्षालय के सौदे की चर्चा से गरमाया माहौल
- बस स्टैंड पर यात्रियों के बैठने की जगह बना आशियाना
- आक्रोशित जनता ने की जांच की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. विकास कार्यों और जनसुविधाओं की रक्षा का दावा करने वाली ग्राम पंचायत घुघरी अब खुद भ्रष्टाचार के आरोपों के घेरे में है। बस स्टैंड जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय और सुलभ शौचालय परिसर में हो रहे खुलेआम अतिक्रमण ने पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
बताया गया कि बस स्टैंड पर दूर-दराज से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए जिस प्रतीक्षालय का निर्माण किया गया था, वह अब यात्रियों के काम नहीं आ रहा है। आरोप है कि ग्राम पंचायत घुघरी के संरक्षण में इस सार्वजनिक भवन को रहने के लिए निजी घर में तब्दील कर दिया गया है। यात्री यहाँ बैठने और विश्राम करने की जगह न मिलने के कारण परेशान हो रहे हैं, जबकि सार्वजनिक संपत्ति पर किसी का निजी अधिकार कायम हो चुका है।
शौचालय टैंक मे भी कब्ज़ा, गुपचुप सौदे की चर्चा
अव्यवस्था का आलम यह है कि सुलभ शौचालय के सेफ्टी टैंक के ठीक ऊपर एक लावारिस ठेला खड़ा करवाकर अतिक्रमण को बढ़ावा दिया गया है। स्थानीय सूत्रों और जनचर्चा के अनुसार इस यात्री प्रतीक्षालय का गुपचुप तरीके से सौदा किए जाने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिना पंचायत की मिलीभगत या संरक्षण के किसी भी व्यक्ति द्वारा इतनी बड़ी सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा करना मुमकिन नहीं है।
प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग
बताया गया कि बस स्टैंड पर हो रहे इस भ्रष्टाचार और अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि यात्री प्रतीक्षालय को तत्काल अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए जिससे यात्रियों को सुविधा मिल सके। सुलभ शौचालय और उसके सेफ्टी टैंक के पास किए गए अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए। इस अवैध कृत्य में संलिप्त दोषियों और मिलीभगत करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।











