मंडला: हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए बड़ी राहत
6 मई को लगेगा निःशुल्क ईको जांच शिविर
- आरबीएसके की पहल
- मासूमों के दिल की होगी जांच
- मंडला जिला अस्पताल में 6 मई को विशेषज्ञों द्वारा होगा निःशुल्क ईको कैंप
- मंडला में हृदय रोग से ग्रसित बच्चों का होगा निःशुल्क उपचार
- जबलपुर की टीम करेगी जांच
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत मंडला जिले के बच्चों के लिए स्वास्थ्य विभाग एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार आगामी 6 मई 2026 को जिला चिकित्सालय मंडला स्थित डीईआईसी (DEIC) केंद्र में हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए एक विशेष जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।
0 से 18 वर्ष के बच्चों की होगी निःशुल्क जांच
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य 0 से 18 वर्ष तक के उन बच्चों की पहचान करना और उन्हें उपचार उपलब्ध कराना है, जो हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं। शिविर में जबलपुर के प्रतिष्ठित बडेरिया मेट्रोप्राइम मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम अपनी अत्याधुनिक ईको (ECHO) मशीन के साथ उपस्थित रहेगी। विशेषज्ञों द्वारा बच्चों के हृदय की सूक्ष्म जांच की जाएगी और बीमारी की गंभीरता का आकलन किया जाएगा।
निशुल्क होगा उच्चस्तरीय उपचार
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के उपरांत जिन बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि होगी, उन्हें उच्चस्तरीय उपचार के लिए रेफर किया जाएगा। इन बच्चों का उपचार ‘आयुष्मान भारत’ योजना और ‘राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम’ (RBSK) के समन्वय से पूरी तरह निःशुल्क सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसी भी आर्थिक अभाव के कारण किसी बच्चे का इलाज न रुके।
समय और व्यवस्थाएं
यह शिविर 6 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होकर शाम 04:00 बजे तक चलेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों और आरबीएसके टीमों को निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्रों में पूर्व से चिन्हांकित हृदय रोगी बच्चों को इस शिविर में लाना सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इस संयुक्त पहल से मंडला जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले उन परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जो आर्थिक तंगी के कारण अपने बच्चों का महंगा हृदय परीक्षण और उपचार नहीं करा पाते थे। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।










