धनगांव में पीएम जनमन योजना की सड़क निर्माण में लापरवाही
समय सीमा समाप्त, अधूरा काम और घटिया गुणवत्ता से ग्रामीण आक्रोशित
- करोड़ों की लागत फिर भी कछुआ चाल
- बरसात से पहले ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बबलिया के समीपस्थ ग्राम पंचायत धनगांव में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। शासन द्वारा करोड़ों रुपये आवंटित किए जाने के बावजूद निर्माण एजेंसी और ठेकेदार की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी अनुसार मेन रोड से धनगांव बैगा टोला मार्ग तक 2.40 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 1 करोड़ 43 लाख 92 हजार रुपये की लागत से किया जाना है। इस महत्वपूर्ण मार्ग का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री और जिले के जनप्रतिनिधियों द्वारा बड़े उत्साह के साथ 16 अप्रैल 2025 को किया गया था। सड़क निर्माण पूर्ण करने की अंतिम तिथि 16 मार्च 2026 निर्धारित थी, लेकिन यह अवधि समाप्त होने के बाद भी कार्य अभी तक अधूरा है।

कछुआ गति और घटिया निर्माण के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। नदी किनारे का हिस्सा अभी तक पूर्ण नहीं किया गया है और न ही पुल-पुलियों एवं नालियों का निर्माण कराया गया है। अधूरा काम छोड़ दिए जाने से और निर्माण की खराब गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां पुलिया बननी चाहिए थी, वहां काम शुरू तक नहीं हुआ है, जिससे सड़क का कोई औचित्य सिद्ध नहीं हो रहा।
बरसात से पहले कार्य पूर्ण करने की मांग
बरसात का मौसम नजदीक आते देख ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस घटिया और अधूरे निर्माण कार्य की जांच कराई जाए और इसे बरसात शुरू होने से पहले अति शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि बैगा टोला के निवासियों का आवागमन सुलभ हो सके। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो आगामी मानसून में ग्रामीणों का संपर्क मुख्य मार्ग से पूरी तरह कट सकता है।










