बुद्ध पूर्णिमा में विशाल शांति रैली से गूंजा शहर

Advertisements

बुद्ध पूर्णिमा में विशाल शांति रैली से गूंजा शहर

हेलमेट वितरण के साथ दिया रक्तदान का अनूठा संदेश

  • 2570वीं बुद्ध जयंती पर उमड़ा जनसैलाब
  • श्रामणेर शिविर का समापन और सड़क सुरक्षा, रक्तदान अभियान की अनूठी पहल

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व को शांति और करुणा का संदेश देने वाले महाकारुणिक तथागत गौतम बुद्ध की 2570वीं जयंती के अवसर पर मंडला नगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गए। बुद्धिस्ट सोसायटी के माध्यम से आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायियों ने सहभागिता की। सोसायटी के महासचिव शरद मेश्राम ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर 30 अप्रैल को नेहरू स्मारक से एक विशाल शांति रैली निकाली गई। यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पहुंची, जहाँ बाबासाहेब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। रैली का नेतृत्व पूज्य भदंत धम्म दीप महानंद बोधी जी और विभिन्न जिलों से आए श्रामनेरों ने किया। इसके साथ ही देवदरा स्थित बुद्ध विहार में चल रहे 10 दिवसीय श्रामणेर शिविर का भी विधिवत समापन हुआ।

रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा का संगम

1 मई को त्रिगुण पावन पूर्णिमा के मुख्य अवसर पर बुद्ध विहार में विशेष पूजा, वंदना और धम्म देशना का आयोजन किया गया। विश्व मंगल मैत्री के उपरांत एक विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। इस शिविर की अनूठी विशेषता यह है कि इसे सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ा गया है। रक्तदान करने वाले प्रत्येक साथी को समिति की ओर से नि:शुल्क हेलमेट वितरित किया जा रहा है, जिससे समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े।

प्रमुख जनों की रही उपस्थिति 

कार्यक्रमों में दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के प्रदेश सचिव दिलीप सोमकुंवर, जिलाध्यक्ष राजकुमार मंडाले, कोषाध्यक्ष रेखा मेश्राम, अजाकस जिलाध्यक्ष गजराज मरावी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और महिला अनुयायी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने समस्त नागरिकों से इन आयोजनों में सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।



 

Leave a Comment