52 लाख की चोरी का पर्दाफाश, पारदी गैंग के 5 सदस्य गिरफ्तार
सराफा व्यापारी की आंखों में धूल झोंक कर भागे अंर्तराज्यीय चोर दबोचे गए
- सीहोर के पारदी गैंग से शत-प्रतिशत बरामदगी
- मंडला पुलिस की बड़ी स्ट्राइक
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नैनपुर थाना अंतर्गत पिंडरई पुलिस चौकी ने सराफा व्यापारी के साथ हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीहोर जिले के कुख्यात पारदी गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 52 लाख से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और वाहन बरामद किए हैं।
बताया गया कि घटना विगत माह 25 अप्रैल की है, जब कन्हरगांव निवासी सराफा व्यापारी पवन कुमार सोनी पिंडरई बाजार में अपनी दुकान लगाने पहुंचे थे। दुकान जमाने के दौरान अज्ञात बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवर, नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग पार कर दिया था। पीडि़त की रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में तत्काल विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई।
रुद्राक्ष बेचने के बहाने करते थे रेकी
पुलिस की सघन जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से खुलासा हुआ कि आरोपी मूल रूप से जिला सीहोर के ग्राम लमटी राला पारदीपुरा क्षेत्र के निवासी हैं। यह गिरोह कंगन, चूड़ी और रुद्राक्ष बेचने के बहाने मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों के बाजारों में घूमकर रेकी करता था। आरोपी वर्तमान में समनापुर-सांगवा क्षेत्र के पास रेलवे लाइन किनारे अस्थायी डेरा बनाकर रह रहे थे।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 25 अप्रैल को योजनाबद्ध तरीके से वे पिंडरई बाजार पहुंचे। वहां एक दुकान के सामने रखे थैले में कीमती जेवरात होने की भनक लगते ही गिरोह में शामिल विधि से संघर्षरत बालकों ने मौका पाकर थैला उठा लिया। इसके बाद आरोपी कार और मोटरसाइकिल से फरार होकर अपने डेरे पहुंचे और सामान का आपस में बंटवारा कर लिया।
आरोपी गिरफ्तार, 52.89 लाख का मशरूका बरामद
बताया गया कि पुलिस ने इस मामले में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में अपनू लाल पारदी (35 वर्ष), निवासी सीहोर, निरकेस (26 वर्ष), निवासी सीहोर, अरिसमिन (22 वर्ष), निवासी सीहोर और दो विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने में सफलता पाई है, जिसमें सोने के आभूषण में 278 ग्राम कीमत 38.41 लाख रूपए, चांदी के आभूषण में 5 किलो 492 ग्राम कीमत 10.98 लाख रूपए और एक अल्टो कार और टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल के साथ 30 हजार रूपए नगदी जब्त की गई है।
पुलिस टीम को मिला इनाम
उक्त चोरी की घटना के खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में एसडीओपी मनीष राज के मार्गदर्शन में निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा, उप निरीक्षक (विवेचक) राजकुमार हिरकने, उप निरीक्षक पुनीत वाजपेयी, उप निरीक्षक सुरजीत परमार, उप निरीक्षक जैनेंद्र उपराड़े, उप निरीक्षक के.के. विश्वकर्मा, सहायक उप निरीक्षक जगदीश सैयाम, आरक्षक रंजीत उडाली, आरक्षक अक्षय भलावी, आरक्षक सुरेश भटेरे, आरक्षक विनोद उइके, आरक्षक ओमप्रकाश बघेल, आरक्षक सुधीर कुशराम एवं आरक्षक अवधेश पासी की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। विवेचना के दौरान सीहोर जिला पुलिस के द्वारा भी निरंतर सहयोग उपलब्ध कराया गया। पूर्व में उक्त अपराध की पतासाजी के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक के द्वारा 20 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया था.। अल्प समय में शत प्रतिशत बरामदगी करने वाली टीम को पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।











