कान्हा में बाघों की मौत पर फूटा गुस्सा

Advertisements

कान्हा में बाघों की मौत पर फूटा गुस्सा

वन मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, उच्चस्तरीय जांच की मांग

  • बाघों के संरक्षण पर उठे सवाल
  • एक महीने में 5 बाघों ने तोड़ा दम
  • प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की निरंतर हो रही मौतों ने वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय निवासियों को झकझोर कर रख दिया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए गुरुवार को कलेक्टर के माध्यम से प्रदेश के वन मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बाघों की मौत के मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि टाइगर संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचाने जाने वाले कान्हा पार्क में पिछले एक महीने के भीतर एक वयस्क बाघ और चार शावकों समेत कुल 5 बाघों की मौत हो चुकी है। इसे वन्यजीवों के संरक्षण की दिशा में एक बेहद चिंताजनक और गंभीर स्थिति बताया गया है।

प्रबंधन और निगरानी पर गंभीर सवाल 

क्षेत्रीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि बाघों की सुरक्षा, समय पर उपचार और मॉनिटरिंग व्यवस्था में बड़ी खामियां हैं। ज्ञापन में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि पार्क प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था में ढील के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार दोहराई जा रही हैं। पूर्व में भी ऐसी घटनाएं सामने आईं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जाने के कारण आज वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।

पुनरावृत्ति रोकने की मांग 

ज्ञापन सौंपने वाले जागरूक लोगों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं। ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।



 

Leave a Comment