बुद्ध पूर्णिमा में शांति रैली, रक्तदान शिविर और नि:शुल्क हेलमेट वितरण

बुद्ध पूर्णिमा-शांति रैली, रक्तदान शिविर और नि:शुल्क हेलमेट वितरण के साथ मनेगी 2570वीं बुद्ध जयंती

तथागत गौतम बुद्ध की जयंती पर देवदरा बौद्ध विहार में गूँजेंगे शांति के मंत्र, उमड़ेगा जनसैलाब

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व को शांति और करुणा का संदेश देने वाले महाकारुणिक तथागत गौतम बुद्ध की 2570वीं जयंती के अवसर पर मंडला नगर में भव्य और विविध कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इन कार्यक्रम में भक्ति, शांति और सामाजिक सरोकार का संगम देखने को मिलेगा।

बुद्धिस्ट सोसायटी के महासचिव शरद मेश्राम ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर 30 अप्रैल को शाम 6 बजे एक विशाल शांति रैली निकाली जाएगी। यह रैली नेहरू स्मारक से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पहुँचेगी, जहाँ बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ इसका समापन होगा। इसके बाद बौद्ध विहार में चल रहे 10 दिवसीय श्रामणेर शिविर का भी विधि-विधान से समापन किया जाएगा।

विश्व शांति के लिए मंगल मैत्री और धम्म देशना 

पूर्णिमा के मुख्य अवसर पर 1 मई को त्रिरत्न विश्व शांति बौद्ध विहार झंडा चौक, देवदरा में प्रात: 9 बजे से धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ होंगे। पूज्य भदंत धम्म दीप महानंद बोधी के सानिध्य में पूजा-वंदना, परित्राण पाठ और सभी प्राणियों के सुख-शांति हेतु मंगल मैत्री व धम्म देशना दी जाएगी।

रक्तदान शिविर और सड़क सुरक्षा का अनोखा संदेश 

आयोजित कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे से सोसायटी द्वारा एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर की अनूठी विशेषता यह है कि रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समिति की ओर से नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए जाएंगे।

आयोजन समिति की अपील 

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश सचिव दिलीप सोमकुंवर, जिलाध्यक्ष राज कुमार मंडाले, कोषाध्यक्ष रेखा मेश्राम सहित राजकुमार चौधरी, सुरेश चौहान, पूनम बौद्ध और अन्य सदस्यों ने सभी अनुयायियों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धम्म लाभ प्राप्त करने और सामाजिक कार्यों में सहभागी बनने की अपील की है।



 

Leave a Comment