नरवाई की आग से बम्हनी बंजर-ढेंको मार्ग पर लगा जाम
धुएं के गुबार के बीच थमे वाहनों के पहिये
- खेतों की आग ने बढ़ाई राहगीरों की मुसीबत
- बम्हनी बंजर में भीषण आग और धुएं से एक घंटे तक बाधित रहा यातायात
मंडला महावीर न्यूज 29. गेहूं की कटाई के बाद खेतों में बची नरवाई में आग लगाने की बढ़ती घटनाएं अब आमजन और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनने लगी हैं। बताया गया कि सोमवार दोपहर को बम्हनी बंजर क्षेत्र के एक खेत से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया गया कि दोपहर करीब 4 बजे नरवाई की आग से उठे काले और घने धुएं के कारण बम्हनी बंजर-ढेंको मुख्य मार्ग पर दृश्यता शून्य के बराबर हो गई। धुएं के गुबार और आग की उठती लपटों की वजह से वाहन चालकों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते सड़क पर करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। स्थिति को देखते हुए वाहन चालकों ने सुरक्षा की दृष्टि से अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए।
बड़े हादसे का अंदेशा
गनीमत यह रही कि खेतों में गेहूं की कटाई पहले ही पूर्ण हो चुकी थी, जिससे फसलों को कोई आर्थिक नुकसान नहीं पहुँचा। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नरवाई जलाने की यह लापरवाही किसी भी दिन बड़े हादसे को न्यौता दे सकती है। सड़क किनारे स्थित खेतों में आग लगने से न केवल पर्यावरण दूषित हो रहा है, बल्कि सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि नरवाई जलाने वाले भू-स्वामियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता है जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।










