बड़ा हादसा टला, टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक
नारायणगंज-मंडला मार्ग पर भावल के पास की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर मार्ग पर नारायणगंज से मंडला की ओर ग्राम भावल के समीप एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते रह गया। उड़ीसा से गुडग़ांव की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
जानकारी अनुसार ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमएम 8011 उड़ीसा से माल लेकर गुडग़ांव जा रहा था। जैसे ही वाहन नारायणगंज के ग्राम भावल के पास पहुँचा, अचानक उसका एक टायर फट गया। टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक हाईवे से नीचे उतरकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक को आंशिक क्षति पहुँची है, लेकिन चालक और परिचालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बड़ा हादसा टला
मंडला-जबलपुर मार्ग जिले के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। यहाँ प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में दोपहिया, चार पहिया और भारी वाहनों का आवागमन रहता है। गनीमत रही कि ट्रक हाईवे के बीचों-बीच न पलटकर नीचे उतरा, अन्यथा किसी बड़े वाहन या राहगीर की चपेट में आने से भीषण हादसा हो सकता था। अनियंत्रित ट्रक मार्ग से नीचे पलटने से एक बड़ा हादसा टल गया।
अक्सर होते हैं भावल के पास हादसे
जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, उसके आसपास का क्षेत्र काफी सघन आबादी वाला है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर यातायात का दबाव अधिक होने के कारण यहाँ हमेशा जोखिम बना रहता है। ट्रक के हाईवे से नीचे पलटने के कारण यातायात बाधित नहीं हुआ और एक बड़ी अनहोनी टल गई। बताया गया कि ग्राम भावल में एक से दो किलोमीटर के क्षेत्र में आए दिन सड़क हादसे होते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मंडला से नारायणगंज की तरफ और नारायणगंज से मंडला की ओर दोनों तरफ हाईवे पर खतरनाक मोड़ है। इसी दोनों खतरनाक मोड़ के बीच में ग्राम भावल बसा है। हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों का कहना है कि आवागमन की सुविधा के लिए नेशनल हाईवे 30 मार्ग का निर्माण किया गया है, लेकिन मंडला से जबलपुर हाईवे मार्ग में खतरनाक मोड़ है, जो अब जानलेवा साबित हो रहा है।











