उदयपुर पीएम श्री स्कूल में साइकिल वितरण
शिक्षा की राह हुई आसान, 26 विद्यार्थियों के चेहरे खिले
- दूर-दराज से आने वाले छात्रों को मिलीं निःशुल्क साइकिलें
मंडला महावीर न्यूज 29। विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य को संबल प्रदान करने और शिक्षा के प्रति उत्साह जगाने के उद्देश्य से 25 अप्रैल को पीएम श्री शासकीय माध्यमिक शाला उदयपुर के प्रांगण में निःशुल्क साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के तहत विद्यालय के कुल 26 पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं।
बताया गया कि शासन द्वारा यह साइकिलें उन बच्चों को दी जाती हैं जो दूर-दराज के क्षेत्रों से पैदल चलकर स्कूल आते हैं। साइकिल मिलने से अब छात्र न केवल समय पर स्कूल पहुँच सकेंगे, बल्कि घर वापसी में भी उनका समय बचेगा। इससे उनकी पढ़ाई सुचारू रूप से चल सकेगी और आवागमन की असुविधा भी दूर होगी।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच बलदेव परते रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपसरपंच जगदीश यादव, वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद एवं रोहित कुशराम सहित अन्य गणमान्य नागरिक और पालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानाध्यापक आरती सिंह एवं संस्था परिवार द्वारा अतिथियों का तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
बच्चों के चेहरों पर आई खुशी
पीएम श्री शासकीय माध्यमिक शाला उदयपुर में साइकिलें पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ से सुबोध पटेल, ममता विश्वकर्मा, प्रतिमा पांडे, अंजलि, कुमारी रिया, सोनम केशरवानी, सुनीता मालवीय, कविता साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और अभिभावक मौजूद रहे।












