शोक की लहर
मंडला किन्नर समाज की वरिष्ठ मुखिया गुलाब रानी का 75 वर्ष की आयु में निधन
- सनातनी परंपरा से दी अम्मा जी को अंतिम विदाई
- निवास क्षेत्र ने खोया अपना ममतामयी और मिलनसार व्यक्तित्व
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के किन्नर समाज की सम्मानित मुखिया और निवास क्षेत्र की पहचान बन चुकीं अम्मा गुलाब रानी किन्नर अब हमारे बीच नहीं रहीं। शनिवार को जबलपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान 75 वर्ष की आयु में उनका दुखद निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की खबर फैलते ही किन्नर समाज सहित पूरे निवास क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया गया कि अम्मा गुलाब रानी अपने सहज, सरल और मिलनसार स्वभाव के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने अपना पूरा जीवन भाईचारे और समाज सेवा के संदेश को समर्पित कर दिया। क्षेत्र में उनकी पहचान एक ऐसी शख्सियत के रूप में थी, जो हर सुख-दुख के मौके पर परिवारों के साथ खड़ी नजर आती थीं। उनकी इसी स्नेहिल और उदार प्रवृत्ति के कारण वे केवल किन्नर समाज की मुखिया ही नहीं, बल्कि आम जनमानस के बीच भी बेहद लोकप्रिय थीं।
जरूरतमंदों के लिए थी मसीहा
अम्मा जी को उनकी दानशीलता और ममतामयी छवि के लिए हमेशा याद किया जाएगा। वे निर्धनों और जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहती थीं। निवास क्षेत्र के सामाजिक आयोजनों में उनकी उपस्थिति एक अभिभावक की तरह होती थी, जो सबको आशीर्वाद और स्नेह से सराबोर कर देती थीं।
सनातनी रीति-रिवाज से हुआ अंतिम संस्कार
दिवंगत गुलाब रानी अम्मा जी का अंतिम संस्कार शनिवार को जबलपुर के ग्वारीघाट स्थित स्थानीय मुक्तिधाम में संपन्न हुआ। उनकी अंतिम यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। सनातनी हिंदू रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ उन्हें अग्नि दी गई। उनके निधन को निवास क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गुलाब रानी अम्मा जी का रिक्त स्थान कभी नहीं भरा जा सकेगा।












