हेलमेट न पहनने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई

Advertisements

सुरक्षित सफर की पहल, सड़क सुरक्षा को लेकर मंडला पुलिस सख्त

15 दिवसीय विशेष हेलमेट अभियान का आगाज

  • हेलमेट न पहनने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई
  • मंडला एसपी ने की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में जिले की सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के उद्देश्य से 26 अप्रैल से 10 मई तक 15 दिवसीय हेलमेट अनिवार्यता अभियान चलाया जाएगा।

बताया गया कि अधिकांश सड़क हादसों में मौत का मुख्य कारण हेलमेट न पहनना और यातायात नियमों की अनदेखी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंडला पुलिस दोतरफा रणनीति पर काम कर रही है। जिसमें सख्त कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत हेलमेट न पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध मौके पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। गंभीर उल्लंघन के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु प्रकरण भी तैयार किए जा रहे हैं।इसके साथ ही युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा जनसंवाद कर नागरिकों को सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक की अपील 

मंडला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर निकलते समय केवल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। अभियान का मुख्य लक्ष्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ को न्यूनतम स्तर पर लाना है।



 

Leave a Comment