मंडला की रेल मांगें पहुंची पीएम मोदी के द्वार
मन की बात में गूंज सकता है विजन 2026 का खाका
- रेल हब बनेगा मंडला
- एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी ने प्रधानमंत्री को भेजा नए रेल कॉरिडोर का प्रस्ताव
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश के महाकौशल और आदिवासी अंचलों के विकास को गति देने के लिए क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी की मांग अब देश के सर्वोच्च स्तर तक पहुँच गई है। जिले के प्रमुख रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी ने आगामी 26 अप्रैल को होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए हैं।
बताया गया कि नितिन सोलंकी ने प्रधानमंत्री को भेजे गए संदेश में विजन 2026 के तहत दो बड़े रेल प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। जिसमें कवर्धा-मंडला-जबलपुर रेल लिंक और नर्मदा-विंध्य रेल कॉरिडोर है। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से इसे महाकौशल और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाली जीवनरेखा बताते हुए आदिवासी क्षेत्रों के आर्थिक उत्थान के लिए अनिवार्य बताया गया है। वहीं पेंड्रा अमरकंटक-मंडला-गोटेगांव को जोड़ने वाले इस कॉरिडोर के लिए शीघ्र स्वीकृति और बजट आवंटन की मांग की गई है।
पोर्टल से मिली पावती
नितिन सोलंकी को भारत सरकार के मायजीओवी पोर्टल की ओर से उनके सुझाव की आधिकारिक पुष्टि प्राप्त हो गई है। रेल मंत्रालय और पीएमओ के संज्ञान में यह विषय आने के बाद अब क्षेत्रवासियों की निगाहें रविवार को होने वाले मन की बात के 133वें एपिसोड पर टिकी हैं।
विशेषज्ञों की राय
रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी का कहना है कि हमारा लक्ष्य मंडला को केवल एक स्टेशन नहीं, बल्कि मध्य भारत का एक प्रमुख रेलवे हब बनाना है। वहीं समाजसेवी और रेलवे मामलों के जानकार अखिलेश सोनी का मानना है कि इन दोनों रेल लाइनों के विस्तार से मंडला की कनेक्टिविटी बड़े शहरों से होगी, जिससे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार की दिशा व दशा में क्रांतिकारी सुधार आएगा।













