नैनपुर जंक्शन पर पिट लाइन निर्माण को सैद्धांतिक स्वीकृति

Advertisements

नैनपुर को मिली बड़ी सौगात

नैनपुर जंक्शन पर पिट लाइन निर्माण को सैद्धांतिक स्वीकृति

  • जीएम तरुण प्रकाश का नैनपुर दौरा
  • मंत्री संपतिया उईके और जन प्रतिनिधियों ने उठाई रेल सुविधाओं की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक (GM) तरुण प्रकाश ने नैनपुर जंक्शन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जन प्रतिनिधियों, पत्रकारों और समाजसेवियों से मुलाकात कर क्षेत्र की रेल समस्याओं और विस्तार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में नैनपुर में पिट लाइन निर्माण को सैद्धांतिक रूप से स्वीकृति प्रदान की गई, जो क्षेत्र के रेल विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

मंत्री संपतिया उईके ने रखा पक्ष

​प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके भी इस अवसर पर नैनपुर स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने जीएम से कहा कि रेलवे विकास के मामले में मंडला जिला अब भी काफी पीछे है। उन्होंने नैनपुर जंक्शन के सर्वांगीण विकास और मंडला फोर्ट स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की पुरजोर मांग रखी।

खाली पड़ी 800 एकड़ जमीन का होगा उपयोग

​नैनपुर सर्वांगीण विकास परिषद के सदस्यों (विमलेश सोनी, अखिलेश शुक्ला, आशीष वैष्णव व अन्य) ने जीएम को बताया कि नैनपुर में रेलवे के पास लगभग 800 एकड़ रिक्त भूमि उपलब्ध है। इस जमीन पर पिट लाइन और कोचिंग वॉशिंग डिपो बनाने की मांग की गई ताकि लंबी दूरी की ट्रेनों का रखरखाव यहीं संभव हो सके।

प्रमुख मांगें जिन पर हुई चर्चा:

  • फ्लाईओवर का निर्माण: रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द फ्लाईओवर बनाने की मांग।
  • स्टेशन विस्तार: प्लेटफार्मों की संख्या बढ़ाने और स्टेशन के दूसरी ओर प्रवेश द्वार बनाने का प्रस्ताव।
  • बेहतर कनेक्टिविटी: नैनपुर से मंडला के बीच 5 फेरा डेमू ट्रेन चलाने की मांग, ताकि यात्रियों को हर ट्रेन की कनेक्टिविटी मिल सके।
  • आधुनिक सुविधाएं: डीआरयूसीसी मेंबर शंकर सायरानी ने स्टेशन पर एस्केलेटर और लिफ्ट की सुविधा जल्द शुरू करने का मुद्दा उठाया।

दोहरीकरण का कार्य होगा तेज

​’प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम के दौरान नैनपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी और अन्य पत्रकारों ने रेल विकास पर सकारात्मक चर्चा की। दोहरीकरण के सवाल पर जीएम तरुण प्रकाश ने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य एक नहीं बल्कि दोनों छोर से एक साथ शुरू किया जाएगा, ताकि काम जल्द पूरा हो सके।

निरीक्षण कर दिए निर्देश

​बैठक के बाद महाप्रबंधक ने स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक मेंटेनेंस से जुड़े यांत्रिक उपकरणों और कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को संरक्षा और गुणवत्ता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।



Leave a Comment