KTR में बाघ शावक की मौत

कान्हा टायगर रिजर्व में बाघ शावक की मौत

ईंटावारे नाला के पास मिला क्षत-विक्षत शव

  • ​प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं
  • एसओपी के तहत किया अंतिम संस्कार

मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टायगर रिजर्व के अंतर्गत सरही वन परिक्षेत्र में एक बाघ शावक की फिर मौत हो गई। विगत दिवस भी एक बाघ शावक भी मृत मिला था। विभाग से मिली जानकारी अनुसार गुरुवार को बीट सरहीनकान के कक्ष क्रमांक 669 (68) में स्थित ईंटावारे नाला के पास 15 महिने के बाघ शावक का शव बरामद मिला। लगातार बाघ शावकों की मौत से विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मृत मिले शावक की मौत के कारण का पता नहीं चल सका है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।जानकारी अनुसार सरहीनकान बीट के ईंटावारे नाला के पास मिले मृत बाघ शावक की सूचना मिलते ही एनटीसीए और मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्य प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अनुसार त्वरित कार्यवाही की गई। घटना स्थल को सुरक्षित कर डॉग स्क्वाड और हाथियों की मदद से गहन छानबीन की गई। बताया गया कि बाघ शावक का शव प्यूट्रिफाईड स्थिति में पाया गया, जिस कारण शुरुआती जांच में मौत का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है।  

निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया अंतिम संस्कार

बाघ ​शावक का पोस्ट मार्टम विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा किया गया, शव का पीएम डॉ. निधि राजपूत प्रोफेसर स्कूल ऑफ वाईल्ड लाईफ फोरेंसिक एवं हेल्थ, जबलपुर, डॉ. अखिलेश मिश्रा वन्यप्राणी चिकित्सक, पेंच टायगर रिजर्व और ​डॉ. विशाल उद्दे पशु चिकित्सा अधिकारी, बिछिया द्वारा किया गया। पोस्ट मार्टम के बाद एनटीसीए की निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के तहत शावक के शव का दाह संस्कार किया गया। इस दौरान क्षेत्र संचालक पेंच देवाप्रसाद जे, उप संचालक कान्हा अमीता केबि, स्थानीय तहसीलदार शंकरलाल मरावी और ग्राम पंचायत किसली भिलवानी की सरपंच श्रीमती डीलनसिंह तेकाम सहित अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विभाग द्वारा पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है।



 

Leave a Comment