मवई के अंजनी में आगजनी से नुकसान
फायर ब्रिगेड की देरी और वसूली के आरोपों से गरमाया माहौल
- डेढ़ घंटे की देरी से पहुँची दमकल
- पीड़ित गरीब परिवार से 2500 वसूलने का आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29 : मंडला जिले के मवई विकासखंड अंतर्गत ग्राम अंजनी में अज्ञात कारणों से आगजनी की घटना से गरीब किसान को नुकसान उठाना पड़ा। बताया गया कि इस आगजनी में ग्रामीण रामचरण धुर्वे के घर में रखे धान के पेरा में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना ने न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, बल्कि आपातकालीन सेवाओं की संवेदनशीलता को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, पर संसाधनों ने दिया दगा :
आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन संसाधनों की कमी और आग की तेजी के कारण वे स्थिति पर काबू पाने में असमर्थ रहे।
व्यवस्था पर सवाल: देरी से पहुँची दमकल
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस की टीम मौके पर समय पर पहुँच गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम करीब डेढ़ घंटे की देरी से घटना स्थल पर पहुँची। जब तक दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाया, तब तक पीड़ित परिवार का काफी नुकसान हो चुका था।
गंभीर आरोप: गरीब परिवार से 2500 रूपए की वसूली
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि एक ओर जहाँ पीड़ित परिवार अपना सब कुछ खोने की कगार पर था, वहीं कथित तौर पर इस आपातकालीन सेवा के बदले एक गरीब रेखा से नीचे परिवार से लगभग 2500 रूपए की राशि वसूली गई। इस खबर के फैलते ही क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है।
युवा कांग्रेस ने उठाई जांच की मांग
बिछिया विधानसभा के युवा कांग्रेस अध्यक्ष बोधू सिंह मरावी ने इस घटना पर कड़ा विरोध किया है। उन्होंने प्रशासन से पूछा है कि क्या अब आपातकालीन सेवाएं भी भुगतान के आधार पर दी जाएंगी। क्या गरीब परिवारों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार क्यों किया जा रहा है। स्थानीयजन और युवा कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। वसूली करने वाले और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। पीड़ित परिवार को हुए आर्थिक नुकसान का उचित मुआवजा तत्काल प्रदान किया जाए।













