मनेरी ग्रोथ सेंटर के यूकेलिप्टस प्लांटेशन में भीषण आग
बाल-बाल बचीं दर्जनों फैक्ट्रियां, मची अफरा-तफरी
- इंडस्ट्रियल एरिया मनेरी में आग का तांडव, औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल
- यूकेलिप्टस के सैकड़ों पेड़ स्वाहा, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
- जबलपुर-मंडला की दमकलों ने संभाला मोर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अंतर्गत आने वाले मनेरी ग्रोथ सेंटर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यहाँ स्थित यूकेलिप्टस प्लांटेशन क्षेत्र में अचानक भीषण आग भड़क उठी। गर्मी और तेज हवाओं के चलते आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया गया कि आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और मंडला के साथ-साथ पड़ोसी जिले जबलपुर से भी फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्लांटेशन क्षेत्र के ठीक आसपास बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण की कोशिश शुरू न होती और लपटें फैक्ट्रियों की तरफ बढ़ जातीं, तो एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो सकता था।
अधिकारी मौन, जांच के आदेश
आग लगने के सटीक कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। जब इस संबंध में एमपीआईडीसी के ईडी अनिल राठौर से फोन पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने भी तत्काल कारण बता पाने में असमर्थता जताई। हालांकि प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी या किसी मानवीय लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
उठ रहे हैं गंभीर सवाल
इस घटना ने मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और फायर फाइटिंग सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों और उद्यमियों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि इतने बड़े औद्योगिक केंद्र में आग से निपटने के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं हैं।











