निवास में गूंजी 200 जोड़ो की शहनाईयां
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
- सामाजिक समरसता का प्रतीक बना सामूहिक विवाह
- सांसद कुलस्ते ने थिरककर बढ़ाया बारातियों का उत्साह
मंडला महावीर न्यूज 29। मंडला जिले के निवास विकासखंड स्थित राजा शंकर शाह, कुँवर रघुनाथ शाह स्टेडियम में ‘मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह/निकाह योजना’ के अंतर्गत एक विशाल एवं भव्य समारोह संपन्न हुआ। इस गरिमामयी आयोजन में निवास, नारायणगंज और बीजाडांडी जनपद सहित नगर परिषद क्षेत्र के 200 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चारण के साथ सात फेरे लेकर अपने दांपत्य जीवन की शुरुआत की।
धूमधाम से निकली बारात, सांसद बने बाराती
कार्यक्रम का आकर्षण निवास नगर परिषद परिसर से निकली भव्य बारात रही। बैंड-बाजों और आतिशबाजी के साथ निकली इस बारात में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े स्वयं बाराती बनकर शामिल हुए। इस दौरान सांसद कुलस्ते पारंपरिक धुन पर थिरकते नजर आए, जिसने उत्सव के माहौल को दोगुना कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने घराती बनकर बारात का आत्मीय स्वागत किया, वहीं महिलाओं ने 200 कलश प्रज्वलित कर मंगलगीत गाए।

सादगी और समानता का दिया संदेश
फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि सामूहिक विवाह आयोजन भारतीय समाज की आत्मा को सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जहां विवाहों में दिखावा और फिजूलखर्ची बढ़ रही है, वहीं सामूहिक विवाह सादगी और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट संदेश देते हैं। यह योजना केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को एक मंच पर लाने और भेदभाव मिटाने का सशक्त प्रयास है।
नवदंपतियों को मिला उपहार और आशीर्वाद
समारोह के दौरान योजना के नियमानुसार सभी नवविवाहित जोड़ों को उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के प्रतीक स्वरूप चेक प्रदान किए गए। निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े ने भी संबोधित करते हुए इस योजना को कमजोर वर्गों के लिए एक वरदान बताया।

प्रमुख हस्तियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से पूर्व विधायक: रामप्यारे कुलस्ते, जिला पंचायत उपाध्यक्ष: कमलेश तेकाम, जनपद अध्यक्ष: मंजुरानी कुलस्ते (निवास), आशाराम भारतीय (नारायणगंज), नगर परिषद अध्यक्ष हेमलता परते, प्रशासनिक अधिकारी में एसडीएम सीएल वर्मा, सीईओ श्रद्धा सोनी शामिल रही। पूरा स्टेडियम परिसर उल्लास, संस्कृति और सामाजिक एकता के अनूठे वातावरण से सराबोर रहा। उपस्थित अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों के सुखद भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।













