मंडला के मेधावियों का प्रदेश में डंका: कृतिका ने हासिल किया सातवां और संभव ने दसवां स्थान
सफलता की नई इबारत: 10वीं बोर्ड परीक्षा में बिछिया की कृतिका और निवास के संभव ने मेरिट सूची में बनाई जगह
- मंडला की बेटी कृतिका तिवारी ने प्रदेश की मेरिट में बनाया स्थान
- 10वीं बोर्ड में 98.6 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में रहीं प्रथम
- बिछिया की कृतिका तिवारी ने एमपी बोर्ड में हासिल किया सातवां स्थान
मंडला महावीर न्यूज 29. माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में मंडला जिले की होनहार छात्रा कुमारी कृतिका तिवारी ने ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। लिटिल फ्लावर इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल की छात्रा कृतिका ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट लिस्ट में सातवां स्थान हासिल किया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ ही वह मंडला जिले की टॉपर भी बनी हैं।
कड़ी मेहनत और समर्पण से मिली सफलता
कृतिका तिवारी शेखर तिवारी एवं श्रीमती गरिमा तिवारी की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी इस गौरवमयी उपलब्धि का श्रेय अपनी निरंतर मेहनत, विद्यालय के शिक्षकों और कोचिंग क्लासेस के मार्गदर्शन को दिया है। कृतिका की इस सफलता से न केवल उनके परिवार में खुशी की लहर है, बल्कि स्व. सुरेश मिश्रा एवं श्रीमती दीपा मिश्रा की नातिन के रूप में उन्होंने अपने पूरे परिवार का मान बढ़ाया है।
नगर में हर्ष का माहौल
कृतिका की यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनकर उभरी है। उनकी इस उपलब्धि पर शाला परिवार, कोचिंग क्लासेस और बिछिया नगर के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है। नगर वासियों का कहना है कि कृतिका ने अपनी प्रतिभा से यह साबित कर दिया है कि छोटे नगरों के विद्यार्थी भी अपनी लगन से प्रदेश स्तर पर पहचान बना सकते हैं। परीक्षा परिणाम आने के बाद कृतिका को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है।
निवास के संभव जैन का प्रदेश में जलवा
10वीं की मेरिट सूची में बनाई जगह, अब सिविल जज बनने का है सपना
- शिक्षक के पुत्र संभव ने 10वीं बोर्ड में हासिल किया प्रदेश में 10वां स्थान
- भाई के बाद अब छोटे ने बढ़ाया मान
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास नगर की माटी ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यहाँ के प्रतिभावान छात्र संभव जैन ने 10वीं बोर्ड परीक्षा की प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में स्थान हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। सेंट एंजिल पब्लिक स्कूल रसलगंज, निवास के छात्र संभव ने कड़ी मेहनत के दम पर प्रदेश की सूची में 10वां स्थान प्राप्त किया है।
संभव जैन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निवास के शिक्षक मुकेश जैन के पुत्र हैं। उनकी इस गौरवमयी उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और परिजनों में खुशी की लहर है। सेंट एंजिल्स पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर सुशील उपाध्याय ने छात्र के घर पहुँचकर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संभव ने अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और स्कूल स्टाफ की निरंतर मेहनत को दिया है।
सिविल जज बनकर करना चाहते हैं देश सेवा
भविष्य की योजनाओं को लेकर संभव बेहद स्पष्ट हैं। उनका सपना भविष्य में सिविल जज बनकर न्यायपालिका के माध्यम से देश की सेवा करना है।
परंपरा रही है टॉप करने की
सफलता का यह सिलसिला इस परिवार में नया नहीं है। संभव के बड़े भाई ऋषभ जैन ने भी वर्ष 2023 की 10वीं की परीक्षा में जिला टॉप किया था, जिसके लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया था। अब छोटे भाई संभव ने प्रदेश स्तर पर सफलता के झंडे गाड़कर परिवार और क्षेत्र की प्रतिष्ठा में चार चाँद लगा दिए हैं। वर्तमान में संभव को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।










