मंडला के मेधावियों ने प्रदेश में गाड़ा सफलता का झंडा
10वीं में चौथा और 12वीं में छठा स्थान, 7 छात्र मेरिट सूची में शामिल
- बोर्ड परीक्षा परिणामों में मंडला का दबदबा
- उमेश बने जिले के सुपरस्टार, संघर्षों को मात देकर कृति ने मेरिट में बनाई जगह
मंडला महावीर न्यूज 29. माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश द्वारा बुधवार को घोषित हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के परीक्षा परिणामों में मंडला जिले ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता सिद्ध की है। जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने न केवल व्यक्तिगत रूप से सफलता के नए सोपान तय किए, बल्कि सामूहिक प्रदर्शन में भी जिले को प्रदेश के शीर्ष पायदानों पर बनाए रखा। इस वर्ष मंडला जिले ने 10वीं की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में चौथा स्थान और 12वीं में छठा स्थान प्राप्त किया है।
इस वर्ष के परिणाम बताते हैं कि जिले में नियमित छात्रों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा है। 10वीं कक्षा में नियमित विद्यार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 89.85 दर्ज किया गया, जबकि स्वाध्यायी (प्राइवेट) छात्रों का परिणाम 55.03 प्रतिशत रहा। वहीं 12वीं कक्षा में नियमित छात्रों ने 89.41 प्रतिशत की सफलता दर हासिल की और स्वाध्यायी छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 47.56 रहा।
10वीं की मेरिट सूची में मंडला के 6 रत्न
प्रदेश की मेरिट लिस्ट में मंडला जिले के छह विद्यार्थियों ने अपनी जगह बनाकर जिले का मान बढ़ाया है। इनमें घुघरी विकासखंड के मॉडल स्कूल के छात्र उमेश पड़वार ने 495 अंक हासिल कर प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त कर जिले में शीर्ष स्थान पाया। सेंट एलॉयसेस स्कूल की अदिति विभा उसराठे और लिटिल फ्लॉवर स्कूल की कृतिका तिवारी ने 493 अंकों के साथ संयुक्त रूप से सातवां स्थान प्राप्त किया। बताया गया कि सफलता का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका, शासकीय कन्या शाला महाराजपुर की छात्रा पूजा धुर्वे ने 492 अंकों के साथ आठवां स्थान हासिल कर सरकारी स्कूल की गुणवत्ता का प्रमाण दिया। नैनपुर के सेंट एलॉयसेस स्कूल के नमन जंघेला ने 491 अंकों के साथ नौवां स्थान और निवास नगर के एंजल पब्लिक स्कूल के संभव जैन ने 490 अंकों के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया। संभव जैन ने अपनी इस सफलता से निवास क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
12वीं में कृति साहू ने लहराया परचम
हायर सेकेंडरी परीक्षा की मेरिट सूची में सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल, मंडला की छात्रा कृति साहू ने गणित संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने 483 अंक अर्जित कर प्रदेश की मेरिट सूची में दसवां स्थान हासिल किया। कृति की यह सफलता जिले के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
संघर्ष से सफलता की मिसाल
कृति साहू की मेरिट में आने की यात्रा आसान नहीं थी। उनकी सफलता उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और समाज के सहयोग की एक अनुपम कहानी है। परिवार की आर्थिक तंगी के कारण एक समय ऐसा आया जब आठवीं के बाद उनकी पढ़ाई बंद होने वाली थी। ऐसे नाजुक वक्त में प्रफुल्ल मिश्रा भाजपा जिलाध्यक्ष एवं स्कूल प्रबंधन समिति सदस्य ने अभिभावक की भूमिका निभाते हुए उनकी शिक्षा का पूरा जिम्मा उठाया। कृति ने नौवीं से बारहवीं तक इस अवसर का पूरा लाभ उठाया और अपनी कड़ी मेहनत से प्रदेश में स्थान बनाया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपने परिवार के अटूट विश्वास को दिया है।
आगामी शैक्षणिक सत्र के बनाएंगे विशेष कार्ययोजना
जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े ने सफल विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि जिले का प्रदर्शन संतोषजनक है, हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में रैंकिंग में आंशिक गिरावट आई है। पिछले साल मंडला जिला 10वीं में दूसरे और 12वीं में चौथे स्थान पर था। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस गिरावट के कारणों की समीक्षा की जाएगी और आगामी शैक्षणिक सत्र में शिक्षकों के साथ मिलकर विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी जिससे मंडला जिला पुन: प्रदेश में पहले पायदान पर पहुँच सके। जिले भर में आज उत्सव का माहौल है और सफल छात्र-छात्राओं के घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
घुघरी के उमेश पड़वार ने रचा इतिहास
99% अंकों के साथ प्रदेश की मेरिट सूची में पांचवा स्थान, मंडला का बढ़ाया मान
- मॉडल स्कूल के छात्र ने किया जिले का नाम रोशन
- उमेश ने बोर्ड परीक्षा में हासिल की 5वीं रैंक
- शाला परिवार में जश्न का माहौल
घुघरी/मंडला। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड के परीक्षा परिणामों में मंडला जिले के शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुघरी के छात्र उमेश पड़वार ने ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। ग्राम ओढारी (चुभावल) के निवासी उमेश ने अपनी मेधा और कड़ी मेहनत के दम पर 99% अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में पांचवा स्थान हासिल किया है। इस गौरवमयी उपलब्धि के साथ ही उमेश ने जिले में प्रथम स्थान भी प्राप्त किया है।
मेहनत और अनुशासन से मिली सफलता
उमेश पड़वार, श्री राजेन्द्र पड़वार के पुत्र हैं। विद्यालय के प्राचार्य श्री रवि शंकर भारद्वाज ने उमेश की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्र के लिए बल्कि पूरे विद्यालय और जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि उमेश प्रारंभ से ही एक मेधावी और अनुशासित छात्र रहे हैं, और उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
जिले भर में हर्ष की लहर
उमेश की इस असाधारण उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष और उल्लास का वातावरण है। जैसे ही परिणामों की घोषणा हुई, विद्यालय परिसर और उनके गृह ग्राम में खुशियां मनाई जाने लगीं। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उमेश के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उसकी लगन की प्रशंसा की है।
शाला परिवार ने दी बधाई
इस अवसर पर शाला परिवार के सदस्य श्री योगेंद्र ठाकुर, अमरसिंह कोकड़िया, अजबलाल बोपचे, नीलेश नेटी, श्रीमती गीता कुमारी सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी स्टाफ ने उमेश के परिवार को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। सभी ने विश्वास जताया है कि उमेश भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करेंगे।










