अंजनियां में शराब दुकान संचालक की मनमानी
एमआरपी से ज्यादा वसूली, विरोध करने पर ग्राहकों से अभद्रता
- शराब दुकान के सेल्समैनों की गुंडागर्दी
- ओवररेटिंग के साथ गांवों में अवैध सप्लाई का भी आरोप
- ग्रामीण आक्रोशित
मंडला महावीर न्यूज 29. अंजनियां क्षेत्र की शराब दुकान इन दिनों अवैध वसूली और विवादों का केंद्र बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों और ग्राहकों ने शराब दुकान संचालक पर निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर शराब बेचने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्राहकों का कहना है कि दुकान पर खुलेआम तय कीमत से ज्यादा राशि वसूली जा रही है, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
विरोध करने पर मिलती है धमकी
पीडि़त ग्राहकों ने बताया कि जब भी कोई व्यक्ति एमआरपी से अधिक दाम वसूले जाने का विरोध करता है, तो दुकान पर मौजूद कर्मचारी उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करते हैं। कुछ ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शिकायत करने की बात कहने पर सेल्समैनों द्वारा उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश भी की जाती है।
आसपास के गांवों में अवैध सप्लाई का जाल
मामला केवल ओवर रेटिंग तक सीमित नहीं है, ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मुख्य दुकान से अहमदपुर, माधोपुर, मांद, नरैनी, बंगली, कांसखेड़ा, मानिकपुर और डुडका जैसे आसपास के गांवों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की सप्लाई की जा रही है। इस अवैध कारोबार के कारण ग्रामीण क्षेत्रों का माहौल बिगड़ रहा है और युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है।
प्रशासनिक चुप्पी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पूरे गोरखधंधे की जानकारी होने के बावजूद आबकारी विभाग और संबंधित प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि दुकान की जांच कर एमआरपी से अधिक वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए और गांवों में हो रही अवैध शराब की सप्लाई को बंद कराया जाए।










