जय भीम के नारों से गूँजा मंडला
डॉ. आंबेडकर की 135वीं जयंती पर बड़ चौराहा में उमड़ा जनसैलाब
- संविधान निर्माता को दी गई भावांजलि
- वाहन रैली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मनाया बाबा साहेब का जन्मोत्सव
मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जन्म जयंती के अवसर पर आज मंडला के हृदय स्थल बड़ चौराहा में भव्य आयोजन किया गया। सुबह 9.30 बजे दी बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया, अजाकस, आकाश, अहिरवार समाज और विभिन्न मूल निवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा पर सामूहिक माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
धम्म वंदना और सांस्कृतिक छटा
महासचिव शरद मेश्राम ने बताया कि माल्यार्पण के पश्चात बुद्ध धम्म संघ वंदना की गई और उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से पंचशील ग्रहण किया। कार्यक्रम में आदिवासी कला का परिचय देते हुए कन्या छात्रावास की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके उपरांत विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से मंचीय कार्यक्रम संपन्न हुआ, जहाँ वक्ताओं ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

समरसता का संदेश और वाहन रैली
आयोजन के अगले चरण में शहर के मुख्य मार्गों से एक विशाल वाहन रैली निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य बाबा साहेब के सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना था। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुलाब सिंह उइके, डॉ. अशोक मर्शकोले, जनपद अध्यक्ष संतोष सोनू भलावी, आर.के. मंडाले, दिलीप सोमकुंवर, गणराज मरावी और मेहर चंद बघेल सहित बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएँ एवं बच्चे उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से सामाजिक एकता बनाए रखने का आग्रह किया है।









