कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए काम-कलेक्टर राहुल

कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने संभाली कमान

अधिकारियों को सख्त निर्देश- “कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए काम”

  • मंडला में अब ई-ऑफिस से चलेंगी फाइलें
  • कलेक्टर ने ली पहली बैठक
  • पेयजल और गेहूं उपार्जन के लिए बनाई विशेष रणनीति

मंडला महावीर न्यूज 29.  जिले में पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने प्रशासनिक कसावट लाने की कवायद शुरू कर दी है। सोमवार को जिला योजना भवन में आयोजित पहली महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन परिणाममूलक और पारदर्शी होना चाहिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में कहा कि केवल कागजी प्रगति से काम नहीं चलेगा, जमीनी स्तर पर वास्तविक परिवर्तन दिखना अनिवार्य है।

मैदानी भ्रमण और राशन व्यवस्था पर जोर

कलेक्टर श्री धोटे ने फील्ड विजिट को अनिवार्य बताते हुए निर्देश दिए कि अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करें। भ्रमण के दौरान स्कूलों में ‘पीएम पोषण’ (मिड-डे मील) और स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाओं का जायजा लें। राशन वितरण व्यवस्था को लेकर उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को प्रत्येक दुकान पर अनिवार्य रूप से रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों और बाहर रहने वाले लोगों का सटीक डेटा उपलब्ध रहे।

गेहूं उपार्जन और पेयजल संकट की तैयारी

बैठक में बताया गया कि 15 अप्रैल से जिले के 48 केंद्रों पर गेहूं उपार्जन शुरू होगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर ठंडा पानी, छाया, मेडिकल किट और ग्लूकोज की पुख्ता व्यवस्था हो। वहीं, पेयजल समस्या को लेकर उन्होंने पीएचई (PHE) विभाग को दो दिन के भीतर विस्तृत कार्ययोजना पेश करने को कहा है, ताकि संभावित संकट वाले क्षेत्रों में अग्रिम व्यवस्था की जा सके।

अब ई-ऑफिस से होगा कामकाज

प्रशासनिक कार्यों में गति और पारदर्शिता लाने के लिए कलेक्टर ने जिले में ई-ऑफिस व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। अब सभी शासकीय कार्यालयों में फाइलें डिजिटल माध्यम (ई-ऑफिस) से ही स्वीकार की जाएंगी। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने और ‘जल गंगा संवर्धन’ जैसे अभियानों को जनआंदोलन बनाने पर भी जोर दिया।

संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की नसीहत

बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारा अंतिम लक्ष्य आमजन के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। बैठक में अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना सहित समस्त एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



Leave a Comment