ककैया पंचायत में ‘कन्यादान योजना’ पर भ्रष्टाचार का साया

ककैया पंचायत में ‘कन्यादान योजना’ पर भ्रष्टाचार का साया

सरपंच पति का रिश्वत मांगते वीडियो वायरल

  • 61 हजार मिलेंगे तो हमें क्या दोगे
  • योजना के फॉर्म पर साइन के बदले पैसे मांगने के आरोप से बिछिया में हड़कंप

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है। बिछिया विकासखंड की ग्राम पंचायत ककैया में सरपंच पति द्वारा हितग्राही से आवेदन पर हस्ताक्षर करने के बदले पैसों की मांग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

साइन के बदले कमीशन की मांग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम ककैया निवासी हितग्राही भूपेंद्र भांवरें ने आरोप लगाया है कि जब वे कन्यादान योजना का लाभ लेने के लिए सरपंच पति फागूलाल मरकाम के पास पहुंचे, तो उनसे कथित तौर पर रिश्वत की मांग की गई। वायरल वीडियो के आधार पर हितग्राही का कहना है कि सरपंच पति ने यह कहकर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया कि “हमारे साइन से तुम्हें 61 हजार रुपए मिलेंगे, लेकिन हमें क्या मिलेगा?”। हितग्राही द्वारा पैसे देने में असमर्थता जताने पर फॉर्म पर साइन नहीं किए गए।

सरपंच पति की सफाई: “महज एक मजाक”

मामले में विवाद बढ़ता देख सरपंच पति फागूलाल मरकाम ने अपनी सफाई पेश की है। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता युवक उनका रिश्तेदार (भतीजा) है और वीडियो में हो रही बातचीत सिर्फ एक पारिवारिक मजाक था। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वीडियो को गलत संदर्भ में पेश कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, पंचायत सचिव महासिंह मरावी ने स्पष्ट किया है कि योजना पूरी तरह निशुल्क है और उन्होंने नियमानुसार अपने हस्ताक्षर पहले ही कर दिए थे।

प्रशासनिक जांच शुरू

इस पूरे घटनाक्रम के बाद जनपद पंचायत बिछिया के सीईओ रमेश मंडावी ने मामले को संज्ञान में लिया है। उन्होंने बताया कि जांच के लिए टीम गठित कर मौके पर भेजी गई है। हालांकि, शिकायतकर्ता द्वारा अभी तक औपचारिक बयान दर्ज नहीं कराया गया है। प्रशासन का कहना है कि बयान मिलते ही तथ्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️

Leave a Comment