व्यूज के चक्कर में जान जोखिम में डाल रहे रील लवर्स

व्यूज के चक्कर में जान जोखिम में डाल रहे रील लवर्स

नर्मदा पुल पर स्टंट और डांस का वीडियो वायरल

  • सड़कों पर रील का खतरनाक शौक
  • सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ रही मनमर्जी
  • प्रशासन से रोक लगाने की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और फॉलोवर्स बढ़ाने की होड़ अब जानलेवा साबित होने लगी है। जिले के सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर रील्स बनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे न केवल क्रिएटरों की जान को खतरा है, बल्कि आम राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नर्मदा पुल पर डांस का वीडियो वायरल 

ताजा मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो से जुड़ा है। इस वीडियो में एक अधेड़ व्यक्ति बीच सड़क पर व्यस्त नर्मदा पुल के ऊपर खड़े होकर नाचते हुए रील शूट करवाता नजर आ रहा है। पुल पर वाहनों की आवाजाही के बीच इस तरह की लापरवाही ने सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर पहुँचा, लोगों ने इसे जमकर ट्रोल किया और सुरक्षा के प्रति इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई है।

एक पल की लापरवाही पड़ सकती है भारी 

सोशल मीडिया के इस दौर में हर कोई अपनी पहचान चमकाने में लगा है, लेकिन सार्वजनिक स्थलों और ऊंचे पुलों पर बिना किसी सुरक्षा के वीडियो बनाना जानलेवा हो सकता है। जानकारों का मानना है कि यातायात के बीच इस तरह की गतिविधियां चालक का ध्यान भटका सकती हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है।

प्रशासन से पाबंदी की मांग 

जिले के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक चौक-चौराहों, पुलों और संवेदनशील स्थानों पर इस तरह की रील शूटिंग पर तत्काल पाबंदी लगाई जाए। लोगों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और पुलिस को इन स्थानों पर गश्त बढ़ानी चाहिए जिससे कोई भी व्यक्ति अपनी और दूसरों की सुरक्षा से खिलवाड़ न कर सके।



रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️

Leave a Comment